भिलाईनगर, 08 जनवरी। थाना सुपेला क्षेत्र अंतर्गत अर्जुन नगर कैंप-1 से लापता हुई तीन नाबालिग बालिकाओं को दुर्ग पुलिस ने त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई करते हुए सकुशल दस्तयाब कर लिया है। बालिकाओं के सुरक्षित मिलने के बाद परिजनों और क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 06 फरवरी 2026 को सायं लगभग 4 बजे अर्जुन नगर कैंप-1 निवासी तीन बालिकाएं घर से नाराज होकर बिना बताए चली गई थीं। मामले की सूचना मिलने पर थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 221/2026 एवं 222/2026 के तहत गुमशुदगी दर्ज कर विधिवत जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देश पर राजपत्रित अधिकारियों के नेतृत्व में चार विशेष टीमों का गठन किया गया। टीमों द्वारा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए, गवाहों से पूछताछ की गई और संभावित स्थानों पर लगातार तलाश जारी रखी गई। साथ ही रेलवे पुलिस (आरपीएफ, जीआरपी) एवं चाइल्ड लाइन के साथ समन्वय स्थापित किया गया।
लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप रेलवे पुलिस की सहायता से तीनों बालिकाओं को उसलापुर, जिला बिलासपुर से सकुशल दस्तयाब कर लिया गया। नियमानुसार बालिकाओं को सुरक्षित चिल्ड्रन होम में रखा गया है। सूचना मिलते ही परिजन दुर्ग पुलिस के साथ बिलासपुर के लिए रवाना हो गए हैं।
इस पूरे अभियान में थाना सुपेला पुलिस, महिला एवं बाल सुरक्षा इकाई, गठित विशेष टीमों तथा रेलवे पुलिस की सक्रिय और समन्वित भूमिका सराहनीय रही।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि बच्चों से संबंधित किसी भी असामान्य स्थिति या गुमशुदगी की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या डायल 112 पर दें, ताकि समय रहते त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
अर्जुन नगर से लापता तीन बालिकाएं सकुशल मिलीं, दुर्ग पुलिस की त्वरित कार्रवाई से परिजनों ने ली राहत की सांस

