छत्तीसगढ़ की 3 बच्चियों की MP में मौत, रात में खाना खाने के बाद बिगड़ी थी तबीयत

छत्तीसगढ़ की 3 बच्चियों की MP में मौत, रात में खाना खाने के बाद बिगड़ी थी तबीयत


🔴उल्टी-दस्त के बाद दो बच्चियों ने इंदौर में, तीसरी ने इटारसी अस्पताल में दम तोड़ा

सीजी न्यूज ऑनलाइन, 28 अगस्त। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में एक ही परिवार की तीन बहनों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। तीनों बच्चियों की उम्र 10, 8 और 5 वर्ष बताई गई है। परिजनों के अनुसार, रात करीब 2 बजे दाल, चावल, रोटी और सब्जी खाने के बाद बच्चियों को अचानक उल्टी-दस्त होने लगे और उनकी हालत तेजी से बिगड़ गई। हालांकि, मौत की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हुई है और पुलिस ने फूड पॉइजनिंग की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

जानकारी के मुताबिक, मूल रूप से छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले का रहने वाला परिवार इंदौर के बेटमा क्षेत्र में रहता है। बच्चियों के पिता नरेंद्र सिंह पीथमपुर में एलएंडटी कंपनी में मशीन ऑपरेटर के रूप में काम करते हैं। परिवार के अनुसार, रात में खाना खाने के कुछ देर बाद तीनों बेटियों की तबीयत अचानक खराब हो गई।

हालत बिगड़ने पर परिजन दो बच्चियों को मोटरसाइकिल से अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार दोनों के शवों को बिना पोस्टमार्टम कराए अपने पैतृक गांव छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के छलीगांव ले जाने के लिए रवाना हुआ।

इसी दौरान तीसरी 10 वर्षीय बच्ची की तबीयत भी रास्ते में गंभीर हो गई। परिजन उसे इटारसी के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। ड्यूटी डॉक्टर प्रियंक मिश्रा ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर हालत के चलते बच्ची ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

इटारसी थाना प्रभारी सौरभ पांडेय के अनुसार, तीनों बच्चियों के शवों का पोस्टमार्टम इटारसी अस्पताल में कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी।

परिजनों ने बताया कि परिवार ने रात करीब 2 बजे दाल, चावल, रोटी और सब्जी खाई थी। इसके बाद बच्चियों को उल्टी और दस्त की शिकायत हुई। घटना के कारणों को लेकर फिलहाल जांच जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि खाना खाने के बाद तबीयत बिगड़ने के बावजूद फूड पॉइजनिंग को अभी मौत का आधिकारिक कारण नहीं माना गया है। मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।