🔴हादसे के बाद खंभे से टकराई गाड़ी छोड़कर चालक फरार
सीजी न्यूज़ ऑनलाइन, 18 सितंबर 2026। बिलासपुर जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र में तेजरफ्तार माजदा वाहन ने सड़क किनारे खड़े तीन भाइयों को टक्कर मार दी। हादसे में दो भाइयों की मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल है। दुर्घटना के बाद वाहन चालक माजदा छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार भाटागांव निवासी बारातू दास माणिकपुरी अपने भाइयों प्रीतम दास और चंदू दास के साथ रिश्तेदार प्रदीप माणिकपुरी के घर गए थे। प्रदीप की बेटी गर्भवती है। तीनों भाई उसका हालचाल पूछने के बाद वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने अपनी बाइक सड़क किनारे खड़ी की और आपस में बातचीत करने लगे।
इसी दौरान सेवार की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे माजदा वाहन सीजी 10 सी 1868 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए तीनों भाइयों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक माजदा के अगले पहिए में फंस गई और कुछ दूरी तक घिसटती चली गई। इसके बाद माजदा सड़क किनारे बिजली के खंभे से जा टकराया।
हादसे में तीनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को बिल्हा अस्पताल पहुंचाया। जांच के बाद डॉक्टरों ने बारातू दास और प्रीतम दास को मृत घोषित कर दिया। दोनों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई थीं। वहीं चंदू दास के कंधे और चेहरे पर गहरे घाव हैं और उसका उपचार जारी है।
घटना के बाद चालक माजदा मौके पर छोड़कर फरार हो गया। मृतक के पुत्र रूपेंद्र दास की रिपोर्ट पर बिल्हा पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है। पुलिस ने फरार चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

