भिलाई नगर, 20 सितंबर। छावनी थाना क्षेत्र में लूटपाट करने वाले आरोपियों को पुलिस ने धरदबोचा है। कल सुबह ही पकड़े गए तीनों आरोपियों ने फल व्यवसायी से मारपीट की थी और एक दुकान से 20 हजार लूट कर भाग निकले थे। पकडा़ए आरोपी कैम्प-2 श्याम नगर स्थित उड़िया बस्ती निवासी हैं।
छावनी पुलिस ने बताया कि तीन बदमाशों ने रविवार-सोमवार की दरमियानी रात जमकर उत्पात मचाया था। उन्होंने एक पंडाल में घुसकर तोड़फोड़ की और इसके बाद सोमवार की सुबह 6ः30 बजे महिला दुकानदार का समान बाहर फेंक दिया और दुकान से 20 हजार रुपए लूट कर फरार हो गए थे। कैम्प-2 श्याम नगर निवासी परसराम साहू की शिकायत पर उड़िया बस्ती निवासी भोदू, धीरज और साहिल के खिलाफ धारा 427, 294, 506, 452, 392 और 34 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया था। इन्हीं आरोपियों ने पंडाल में तोड़फोड़ करने के बाद सोमवार सुबह 6ः30 बजे निर्मला यादव की दुकान में तोड़फोड़ और लूट कारित की थी।

