पुलिस जिन्हें तलाश रही थी वो शोभायात्रा में पिस्टल लहराते नाच-गाकर आराम से चले गए
भिलाई नगर, 15 अक्टूबर। दुर्ग जिला मुख्यमंत्री और गृहमंत्री दोनों का गृह जिला है। जिले में बेहतर पुलिसिंग के लिए छह महीने में चार एसएसपी बदले जा चुके हैं। इसके बाद भी यहां की कानून व्यवस्था ऐसी है कि आपराधिक तत्व खुलेआम हथियार लेकर घूम रहे हैं।
गौरतलब हो कि जिला पुलिस रजिस्टर में फरार चल रहे बदमाश हथियार लेकर माता की चुनरी शोभायात्रा के दौरान दुर्ग शहर में नाचते हुए दिखाई दिए। हाथों में चापड़ और पिस्टल खुलेआम लहराते इन बदमाशों का वीडियो भी सामने आया है। कुछ दिन पहले दुर्ग पुलिस के आला अधिकारियों ने यह दावा किया था कि त्यौहारों से पहले निगरानीशुदा बदमाशों को पकड़ेंगे लेकिन जिस तरह वायरल वीडियो में निगरानी बदमाश खुलेआम नवरात्रि के त्यौहार में हथियार लेकर नाच रहे हैं, इसने पुलिस अफसरों के दावे की पोल खोल दी है।
यह शोभायात्रा 3 दिन पहले ही शहर में निकली थी। यात्रा की व्यवस्था में खुद पुलिस मौजूद रही लेकिन अब अफसर कह रहे हैं कि हम जल्द ही बदमाशों को पकड़ लेंगे। शोभायात्रा दुर्ग शहर के चंडी मंदिर चौक से गुजरी थी, यह एक ऐसा चौराहा है जहां पर हर समय पुलिस रहती है। पुलिस की मौजूदगी के बाद भी चौक पर बदमाश खुलेआम हथियार लेकर नाचते रहे। इसके बाद भी पुलिस ने पकड़ना तो दूर, रोकने का भी प्रयास नहीं किया। कुछ पुलिस कर्मियों ने तो उनके हथियार को खिलौना तक बता डाला और उसे चेक नहीं किया।

