सेक्टर-9 हास्पिटल के सिक्युरिटी गार्ड को पीटने वाले पहुंचे थाना, जुर्म दर्ज
भिलाई नगर, 13 अप्रैल। मंगलवार की शाम सेक्टर-9 हास्पिटल परिसर में आम तोड़ रहे युवकों को सिक्युरिटी गार्ड ने रोकना चाहा तो उन्होंने मिल कर उसकी पिटाई कर दी। बाद में बीचबचाव कर दोनों को पकड़ लोग थाना लाए और अपराध पंजीबद्ध करवाया है।
भिलाई नगर पुलिस ने बताया कि सेक्टर 09 हास्पिटल में सेक्युरिटी गार्ड 48 वर्षीय संदीप सिंह कल ड्यूटी पर था तभी हनुमान मंदिर सीएमएस गेट के पास दो लड़के डायरेक्टर आफिस के सामने लगे आम के पेड़ से आम तोड़ रहे थे। हरदीप ने मना किया तो दोनों एक राय होकर गालियां देते हुए गार्ड से भिड़ उसे हाथ मुक्का से मारने लगे। तब गार्ड रमेश देशमुख, चांद राम ने बीच बचाव कर दोनों लड़कों को पकड़ा। आरोपी लक्की ठाकुर तथा हिरेन्द्र देवांगन को पकड़ थाना लाया गया। गार्ड की रिपोर्ट पर दोनों के खिलाफ धारा 294, 323, 34 व 506 के तहत कार्रवाई की गयी है।

