सीजी न्यूज ऑनलाइन 31 जनवरी । छत्तीसगढ़ में फरवरी में तीन दिन सार्वजनिक और सामान्य अवकाश की घोषणा की गई है। इस अवकाश की घोषणा राज्य निर्वाचन आयोग ने की है। इस संबंध में आयोग की तरफ से आदेश जारी कर दिया गया है। राज्य निर्वाचन आयोग के आदेश के अनुसार राज्य में 11 फरवरी, 17 फरवरी और 20 फरवरी को सार्वजनिक अवकाश रहेगा।
आयोग ने यह छुट्टी की घोषणा मतदान की वजह से की है। अफसरों के अनुसार जिस क्षेत्र में मतदान होगा, वहां उस दिन छुट्टी रहेगी। मसलन राज्य के नगरी क्षेत्रों में 11 फरवरी को मतदान होना है।
ऐसे में जिन नगरीय निकायों में 11 फरवरी को मतदान होगा, केवल वहां के सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे। इसी तरह त्रि स्तरीय पंचायत चुनावों के लिए मतदान तीन अलग- अलग तारीखों पर होगी। ये तारीख 17, 20 और 23 फरवरी है।
राज्य में नगरीय निकाय और पंचायत के लिए चार चरणों में मतदान होना है, लेकिन राज्य निर्वाचन आयोग ने केवल तीन ही दिन सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है। इसके पीछे कारण यह है कि 23 फरवरी को रविवार है, इस वजह से इस तारीख को सार्वजनिक अवकाश की घोषणा नहीं की गई है।
बता दें कि इस बार नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत के चुनाव के कार्यक्रमों की घोषणा एक साथ की गई। नगरीय क्षेत्रों में चुनाव की प्रक्रिया चल रही है। आज नाम वापसी का अंतिम दिन है। नगरीय निकायों में शामिल 10 नगर निगम, 49 नगर परिषद और 114 नगर पंचायत के लिए 11 फरवरी को मतदान होगा।
उधर, 27 जनवरी से त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की भी प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सूचना के प्रकाशन के साथ ही नामांकन शुरू हो चुका है। पंचायत चुनाव के लिए नामांकन जमा करने की अंतिम तारीख तीन फरवरी है। चार फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच होगी और छह फरवरी तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके बाद 17, 20 और 23 फरवरी तो तीन चरणों में मतदान होगा। नगरी निकाय चुनाव में जहां ईवीएम से वोटिंग होगी। वहीं पंचायत में बैलेट पेपर के जरिए वोट डाले जाएंगे।

