🔴 ऊपर कमरे में सो रही थी महिला, नीचे कमरे का टूटा ताला
भिलाई नगर, 12 अक्टूबर। पुरानी भिलाई थानांतर्गत बीएमवाय उरला में मकान का ताला तोड़ अज्ञात चोर सोने की पत्ती 5, सोने का लाकेट 2, चांदी की करधन और ऐंठी 2, पायल 2 और 7 चांदी का सिक्का और 5 हजार नगर चोरी कर ले गए हैं। दंतेश्वरी चौक स्थित इस मकान की जिस संदूक में गहने थे उसे चोर गांव के नरेन्द्र पटेल के बाड़ी में फेंक गए हैं। पुलिस धारा 380, 457 के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना की रही है।
एसआई दुर्गेश वर्मा ने बताया कि वेदप्रकाश पटेल (40 वर्ष) ने पुलिस को बताया कि ग्राम उरला में उनका दो मकान है, एक गांधी चौक जिसमें वह अपने पिता एवं बच्चों के साथ रहते हैं तथा दूसरा मकान दंतेश्वरी चौक मरार पारा में स्थित है। जहां उनकी दादी लक्ष्मी बाई पटेल अकेले मकान के उपर बने कमरे में रहती है। सुबह शाम वेद अपनी दादी के लिये खाना छोड़ने जाते हैं और रात को खाना छोड़कर मेन गेट में बाहर से ताला लगा देते हैं। उनके चाचा के लड़के विनोद पटेल ने वेद को सुबह जानकारी दी कि दंतेश्वरी चौक स्थित मकान में चोरी हो गया है। सूचना पाकर वो दादी के घर गए तो बाहर मेन गेट में लगा ताला नहीं मिला। अंदर जाकर देखा रसोई घर का बगल वाला कमरे का ताला लोहे के कुंदा सहित उखड़ा मिला और कमरे का सामान बिखरा हुआ था। लोहे की पेटी नहीं थी। आस पास बाड़ी तरफ ढूँढने की कोशिश करने पर गांव के नरेन्द्र पटेल के बाड़ी में गहने वाला संदूक फेंका हुआ मिला है। संदूक में गहनों के आलावा 5 हजार रूपये नगद भी थे जो चोर ले गए हैं। संदूक के पास एक सब्बल भी पड़ा हुआ मिला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

