भिलाई में शीघ्र ही बनेगा होलसेल मार्केट कॉरिडोर, चेंबर की पहल पर कलेक्टर ने शीघ्र ही स्थल चयन का दिया आश्वासन

भिलाई में शीघ्र ही बनेगा होलसेल मार्केट कॉरिडोर, चेंबर की पहल पर कलेक्टर ने शीघ्र ही स्थल चयन का दिया आश्वासन


भिलाई में शीघ्र ही बनेगा होलसेल मार्केट कॉरिडोर, चेंबर की पहल पर, कलेक्टर ने शीघ्र ही स्थल चयन का दिया आश्वासन

भिलाई नगर 26 मई। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्रीज, भिलाई के प्रतिनिधिमण्डल ने आज दुर्ग कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर भूरे से भेंटकर उन्हें ज्ञापन सौंपा। चेम्बर प्रदेश महामंत्री अजय भसीन और भिलाई अध्यक्ष गारगी शंकर मिश्र के नेतृत्व में प्रतिनिधिमण्डल ने दुर्ग में होलसेल कॉरिडोर के निर्माण की मांग करते हुए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमण्डल के सदस्यों ने इस संबंध में पूर्व में मुख्यमंत्री से हुई चर्चा की जानकारी भी कलेक्टर को दी और आवश्यक कार्यवाही करने की मांग की। जिस पर कलेक्टर ने जल्द से जल्द स्थल चयन कर आगे की कार्यवाही करने आश्वासन दिया।

चेम्बर के प्रदेश महामंत्री अजय भसीन ने जानकारी देते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रदेश के विभिन्न वर्गों के विकास के लिए निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं। इसी क्रम में प्रदेश में व्यापारियों के विकास के लिए सरकार को आवश्यक कदम उठाने चाहिये जिसे मूर्तरूप देने के लिए जिले में होलसेल कॉरिडोर की स्थापना किया जाना अतिआवश्यक है। इसके लिए जिले में मुख्य मार्ग के समीप होलसेल कॉरिडोर का निर्माण किया जाना चाहिये। श्री भसीन ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से भी भेंटकर इसकी मांग की गई थी, जिस पर उन्हें सहमति जताई थी। 

भिलाई चेम्बर अध्यक्ष व दुर्ग संभाग प्रभारी गारगी शंकर मिश्र ने बताया कि कॉरिडोर के निर्माण से स्थानीय व्यापारी सुचारू रूप से जिले की सीमाओं से लगे अन्य जिलों सहित विभिन्न प्रदेशों की व्यापारिक मांगों की आपूर्ति कर सकेंगे और व्यापार को नई दिशा दे सकेंगे। इससे न केवल व्यापारियों को लाभ होगा बल्कि यह होलसेल कॉरिडोर एक मॉडल के रूप में भी अपनी पहचान बनायेगा। इस होलसेल कॉरिडोर के निर्माण से एक ओर रोजगार के नए अवसर भी आएंगे तो व्यापारियों को व्यापार करने में सुविधा होगी। प्रतिनिधिमण्डल में मुख्य रूप से कुलदीप लालवानी, मनोहर कृष्णानी, नरेश वासवानी, चिन्ना राव व शिवराज शर्मा शामिल थे।