“बांझ” कह 20 साल प्रताड़ित करता रहा शिक्षक पति, घर से निकाल दो वर्ष बाद रचाया दूसरा ब्याह
भिलाई नगर, 3 अगस्त। विवाह के 20 वर्ष तक पत्नी के साथ रह रहे पति ने मारपीट कर उसे घर से निकाला और बिना संबंध विच्छेद दूसरा विवाह कर भी कर लिया। इस मामले में महिला थाना ने आरोपी रोहित गायकवाड (38 वर्ष) निवासी ग्राम गोड पेंड्री थाना उतई के खिलाफ धारा 498-ए के तहत जुर्म दर्ज किया है।
महिला थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित संतोषी वर्तमान में दो वर्ष से अपने पिता डामर दास के साथ मायका ग्राम ढौर में निवास कर रही है। डामर दास ने संतोषी का विवाह 14 अप्रैल 2000 को रोहित से हिन्दू सामाजिक रीति से किया और आवश्यक घरेलू सामान, बर्तन, जेवर सहित गृहस्थी के अन्य सामान उपहार में दिया था। विवाह के कुछ वर्षों के बाद रोहित एवं उसकी माँ पार्वती संतोषी के बच्चे न होने का ताना देते हुए मारपीट करते रहे। संतोषी ने बताया कि रोहित आए दिन शराब पीकर मारपीट करता और विरोध करने पर बांझ कहकर और पीटता था। रोहित शिक्षा विभाग छत्तीसगढ़ में शिक्षक के पद पर ग्राम बेन्द्री ब्लाक पाटन में पदस्थ है। शिक्षक पति के व्यवहार में बदलाव आयेगा यही सोचकर संतोषी ससुराल में अत्याचार सहते रही। इसी बीच 1 सितंबर 2020 को रोहित फिर मारपीट लडाई झगड़ा करने लगा। जब संतोषी माता पिता को यह बताने के लिये फोन करने लगी तो उसने फोन छीन कर तोड़ दिया। लगातार मानसिक एवं शारीरिक प्रतारणा से तंग आकर 2 सितंबर 2020 को वह मायके पिता के पास आ गई। इस बीच संतोषी को घर में न रखने की बात रोहित करता रहा और 15 मई 2022 को उसने दूसरा विवाह कर लिया। विधिवत तलाक की डिक्री प्राप्त किये बिना दूसरी शादी कर लेना अवैधानिक एवं विधि विरूद्ध आपराधिक कृत्य है जबकि रोहित भलीभांति जानता है कि उसकी पहली पत्नी जीवित है। उसके विरूद्ध अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है।

