सिपाही ने पिता बनने की ख्वाहिश पूरी करने के लिए एसपी से मांगी छुट्टी, कहा-“ईएल भी चलेगी”
भिलाई नगर, 1 अगस्त। जहां आज दुर्ग जिले में दो मीडिया कर्मी ने चैनल से पेटेंट न मिलने और नेवई, उतई, पाटन क्षेत्र में खुलेआम सट्टा चलने का आरोप लगाते हुए एसपी से सट्टा व्यवसाय के लिए अनुमति मांगी है वहीं उत्तर प्रदेश के बलिया में एक सिपाही ने 24 घंटे की ड्यूटी से परेशान होकर पिता बनने की ख्वाहिश पूरी करने के लिए 15 दिन की छुट्टी का आवेदन दिया और वह सोशल मीडिया पर आज वायरल भी हो गया है।
गौरतलब हो कि आवेदन में सिपाही ने लिखा कि उसकी शादी को सात महीने हो गए और अभी तक कोई खुशखबरी नहीं मिली है इसलिए 15 दिन का अवकाश देने की कृपा करें। पूरे जिले में यह आवेदन पत्र चर्चा का विषय बना हुआ है। आवेदक सिपाही गोरखपुर रहने वाला है तथा बलिया जनपद में डायल 112 में तैनात है। सिपाही ने बडे़ अफसोस से बताया है कि उसकी शादी को सात महीने हो चुके है। इतने महीने होने के बाद भी खुशखबरी नहीं मिली है। सिपाही के अनुसार डॉक्टर की सलाह पर उसकी पत्नी ने दवा भी ली है और सिपाही उसके साथ घर पर रहना चाहता है। उसने बाकायदा महकूम को सलाह भी दी है कि अगर अवकाश संभव न हो तो 15 दिन का अर्जित अवकाश (ईएल) ही दे दिया जाए। आवेदन यूपी के पुलिस महकमे में वायरल होने के साथ ही चर्चा में आ गया है। एक तरफ जहां लोग इस पर चटखारे लेकर बात कर रहे हैं तो वही दूसरी ओर छुट्टी की वजहों को लेकर विचार विमर्श भी होने लगा है।

