बलात्कार का आरोपी पकड़ने पहुँचे एसआई को मारा चाकू, जिला अस्पताल में भर्ती
उमरिया, 21 सितंबर। कल रात उमरिया जिले के नौरोजाबाद थाना अंतर्गत बलात्कार के एक आरोपी की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम उसे पकड़ने कल रात निकली, लेकिन आरोपी के पास दो पहिया वाहन में सबसे पहले पहुंचे एसआई वेद प्रकाश ठाकुर खुद आरोपी का शिकार बन गये।शाम को ही पुलिस को यह सूचना मिली कि आरोपी गोलू कोल उर्फ प्रमोद थाना क्षेत्र के बाजारपुरा अंतर्गत बरा मोहल्ला में देखा गया है,
जिसे पकड़ने तीन मोटर सायकलों पर 6 पुलिसकर्मी अलग-अलग दिशाओं से उसे घेरने की नीयत से मौके पर पहुंच रहे थे, लेकिन सबसे पहले जैसे ही वेद प्रकाश ठाकुर वहां पहुंचे, आरोपी ने धारदार चाकू उनके पेट में घोंप दिया, थोड़ी ही देर में अन्य वर्दीधारी भी वहां पहुंच गये। उन्होंने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया लेकिन एसआई की हालत लगातार बिगड़ने के कारण पेट में लगभग 3 से 4 इंच तक घुसे चाकू को निकालने और स्वास्थ्य लाभ के लिए उन्हें जिला अस्पताल शहडोल रेफर कर दिया गया है।

