BSP से कॉपर चोरी गिरोह का सरगना गिरफ्तार, 210 किलो कॉपर स्क्रैप पहले ही जब्त

BSP से कॉपर चोरी गिरोह का सरगना गिरफ्तार, 210 किलो कॉपर स्क्रैप पहले ही जब्त


भिलाईनगर, 07 फरवरी 2026। भिलाई स्टील प्लांट में कॉपर वायर चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। तांबा चोरी करने वाले गिरोह के सरगना एवं निगरानीशुदा बदमाश शत्रुघन धनकर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्र ने बताया कि केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) भिलाई स्टील प्लांट इकाई द्वारा 3 फरवरी 2026 को थाना भिलाई भट्ठी में लिखित रिपोर्ट दी गई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि भिलाई इस्पात संयंत्र क्षेत्र अंतर्गत जलभवन के पीछे स्थित प्रोपेन प्लांट इलाके से कॉपर वायर चोरी की गई है। शिकायत के आधार पर थाना भिलाई भट्ठी में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी संतोष निषाद (35 वर्ष), निवासी स्टेशन मरोदा, उत्कल नगर भिलाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने साथी शत्रुघन धनकर एवं अन्य के साथ मिलकर भिलाई स्टील प्लांट की बाउंड्री वॉल पार कर अंदर प्रवेश करने और हुंडई सेंट्रो कार क्रमांक CG-04-E-9100 में लगभग 210 किलोग्राम कॉपर स्क्रैप वायर लोड कर चोरी करने की बात स्वीकार की। चोरी की सामग्री को बाहर ले जाते समय CISF द्वारा आरोपियों को पकड़ लिया गया था।
इस मामले में पुलिस द्वारा पहले ही चोरी गया 210 किलोग्राम कॉपर स्क्रैप, जिसकी अनुमानित कीमत ₹1,36,500 है, तथा घटना में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर लिया गया था और संतोष निषाद को रिमांड पर भेजा गया था।
आगे की विवेचना में आरोपी की निशानदेही पर तांबा चोरी गिरोह के सरगना एवं निगरानीशुदा बदमाश शत्रुघन धनकर (43 वर्ष), निवासी संगम चौक, स्टेशन मरोदा, थाना नेवई, जिला दुर्ग को 6 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में रिमांड पर प्रस्तुत किया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी शत्रुघन धनकर पूर्व से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है और उसके खिलाफ निगरानी रखी जा रही थी।
इस कार्रवाई में थाना भिलाई भट्ठी के थाना प्रभारी निरीक्षक प्रकाश कांत, सहायक उप निरीक्षक भारत सिंह चौधरी, आरक्षक पुरुषोत्तम साहू, जयनारायण यादव एवं राकेश प्रजापति की सराहनीय भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों एवं औद्योगिक संस्थानों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की चोरी या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।