भिलाई नगर, 31 जनवरी। भारतीय जनता पार्टी के भिलाई जिला में नवनियुक्त अध्यक्ष महेश वर्मा की डगर एक तरह से कांटों से भरी है क्योंकि उन्हें उसी कार्यकारिणी को लेकर पूरा लोकसभा चुनाव लड़ना है जिस तेवर की कार्यकारिणी ने भाजपा के वरिष्ठ नेता ब्रजेश बिजपुरिया को निपटाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
आपको बता दें कि भिलाई और वैशाली नगर दो पूर्ण और तीन विधानसभा पाटन, अहिवारा, दुर्ग ग्रामीण की आंशिक जिम्मेदारी बिजपुरिया पर थी और भिलाई और पाटन को छोड़ सभी में भाजपा को अभूतपूर्व सफलता विधानसभा में मिली। इस सफलता के बीच समय समय पर जिला कार्यकारिणी का अंतर्कलह भी खुलकर सामने आता रहा।
खबर तो यहां तक भी आई कि संगठन और विधानसभा चुनाव प्रत्याशियों, कार्यकर्ताओं के बीच जमकर तनातनी रही। किसी ने खुलकर कहा कि जिलाध्यक्ष उन्हें सपोर्ट नहीं कर रहे तो कहीं दबी जुबान वरिष्ठ नेता एक दूसरे के लिए गड्ढा खोदने की बात कहते और स्वीकारते दिखे। चुनाव बीता तो शिकायतों का दौर सा चल पड़ा, अध्यक्ष पर बिना कोषाध्यक्ष के हस्ताक्षर पार्टी फंड बैंक से आहरित करने को गलत बताते हुए इसकी भी ऊपर शिकायत हुई नतीजतन जिला कार्यकारिणी के अंतर्कलह ने बिजपुरिया से पद आखिरकार छीन ही लिया।
आज महेश वर्मा की नए जिला अध्यक्ष के रूप में ताजपोशी हुई जरूर लेकिन राजनीतिक गलियारे से इस बदले मुखौटे को लेकर भी चर्चा का बाजार गर्म है। इसके पीछे जो ठोस वजह बताई जा रही है उस पर गौर किया जाए तो स्थिति सचमुच क्लिष्टता से भरपूर है। वजह है जिलाध्यक्ष महेश वर्मा को नई कार्यकारिणी बनाने या बदलने का अधिकार नहीं होना। जानकारी मिली है कि लोकसभा चुनाव होने तक अपनी नई टीम नहीं बनाने के निर्देश मिले हैं।
गौरतलब हो कि 22 पदाधिकारियों सहित 65 लोगों की जिला कार्यकारिणी में केवल दो ही रिक्त पद भरने का अधिकार फिलहाल महेश वर्मा को मिल सकता है। चूंकि बिजपुरिया कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष रहे महेश अब स्वयं जिला अध्यक्ष बने हैं इसलिए उपाध्यक्ष पद रिक्त है जबकि पूर्व में जिला मंत्री रहे जय प्रकाश यादव द्वारा भाजपा से बागी प्रत्याशी के रूप में विधानसभा चुनाव लड़ने की वजह से पार्टी के निष्कासन बाद मंत्री पद भी अभी रिक्त है। शेष किसी भी पदाधिकारी को महेश वर्मा चाह कर भी नहीं बदल सकते हैं।
गौरतलब हो कि आज भाजपा ने भिलाई जिलाध्यक्ष ब्रजेश बिजपुरिया को अचानक पद से हटा दिया और उनके स्थान पर चार बार के पार्षद महेश वर्मा को जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पूर्व जिला अध्यक्ष बृजेश बिजपुरिया पर कोषाध्यक्ष के संज्ञान के बिना जिला भाजपा के खाते से पैसे निकालने का आरोप लगा था और भाजपा ने विधानसभा चुनाव से एक वर्ष पहले ही भिलाई जिलाध्यक्ष के पद में बदलाव कर ब्रजेश की ताजपोशी की थी जिनके सिर से मुकुट लेकर महेश वर्मा के सिर पर आज रखा गया है।
कठिन है डगर पनघट की 🟧 जिला अध्यक्ष का केवल बदला है “मुखौटा” 🟩 पुरानी कार्यकारिणी के साथ ही करना होगा महेश को काम 🟦 देखिए केवल इस पद पर होगी नई नियुक्ति 🟪 किसी को बदलने का नहीं होगा अधिकार

