राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 का भिलाई में भव्य समापन

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 का भिलाई में भव्य समापन


🔴550 से अधिक लोगों ने लिया भाग


भिलाईनगर, 01 फरवरी 2026। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के अंतर्गत दुर्ग पुलिस (यातायात) द्वारा शनिवार 31 जनवरी 2026 को कला मंदिर, सिविक सेंटर भिलाई में भव्य समापन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 550 छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं समाजसेवी संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
समारोह में सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि दोपहिया वाहन चालकों द्वारा हेलमेट का उपयोग न करना तथा नशे की हालत में वाहन चलाना, गंभीर दुर्घटनाओं और मृत्यु के मुख्य कारण हैं। उपस्थित नागरिकों से अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने और नशे की अवस्था में वाहन न चलाने की अपील की गई।
कार्यक्रम में यह भी संदेश दिया गया कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। यातायात नियमों का पालन कर ही सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है।
समारोह के दौरान भिलाई स्टील प्लांट की इंद्रधनुष टीम द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का प्रभावी संदेश दिया गया। वहीं बीएसपी स्कूल सेक्टर-10 एवं विशेष बच्चों की टीम द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजागरूकता फैलाई गई।
कार्यक्रम में 18 जनवरी 2026 को आयोजित रंगोली एवं पेंटिंग प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, रक्तदान शिविरों के आयोजन एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाने वाली समाजसेवी संस्थाओं और व्यक्तियों को मोमेंटो व प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का समापन सड़क सुरक्षा के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी, सतत जागरूकता एवं सुरक्षित यातायात के संकल्प के साथ किया गया।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें, हेलमेट एवं अन्य सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करें तथा नशे की अवस्था में वाहन चलाने से पूर्णतः बचें। सुरक्षित यातायात से ही सुरक्षित जीवन संभव है।