मैनेजर ने मीटिंग का झांसा देकर होटल बुला किया दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग से तंग आ थाना पहुंची महिला
भिलाई नगर, 26 नवंबर। सुपेला थानांतर्गत स्थित बैंक से टाईअप कर लोन दिलाने वाली कम्पनी के मैनेजर ने अपनी 34 वर्षीय सहकर्मी महिला को वेतन बढ़ाने और क्लायंट से मिटिंग के बहाने होटल बुलाया और वहां उससे दुष्कर्म किया। उसे बदनाम करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर वह लगातार शारीरिक शोषण करता रहा। अंततः महिला ने सुपेला थाना पहुंच रिपोर्ट दर्ज करवायी है।
सुपेला थाना प्रभारी सुरेश ध्रुव ने बताया कि आरोपी कौशल भारती गुरुनानक नगर निवासी है तथा मौर्या चंद्रा सिनेमा हाल चौराहे के पास एक कंपनी में मैनेजर है। उसकी संस्था अलग-अलग बैंकों से टाई अप कर जरूरतमंद को पर्सनल लोन दिलाने का काम करती है। आरोपी ने साथ काम करने वाली एक महिला कर्मचारी को 27 अक्टूबर को क्लायंट से मीटिंग होने की बात कहकर होटल में बुलाया। महिला सहकर्मी जब होटल पहुंची तो मैनेजर ने उसका वेतन को बढ़ाने का लालच दिया और उसके बाद मैनेजर दुष्कर्म का प्रयास करने लगा। विरोध करने पर महिला को जान से मारने की धमकी दी और दुष्कर्म किया। इसके बाद मैनेजर ने कई बार महिला को धमकी देकर शारीरिक शोषण किया। कुछ दिन पहले जब महिला ने उसकी बात मानने से मना किया तो आरोपी ने उसे दफ्तर में बदनाम करने की कोशिश की। परेशान होकर महिला थाने पहुंची और एफआईआर दर्ज कराई। जांच बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा है।

