देशव्यापी हड़ताल के समर्थन में संयुक्त ट्रेड यूनियन ने किया प्रदर्शन, कल भी जुटेंगे इक्विपमेंट चौक पर, हड़ताल को बीएसपी कर्मियों का नहीं मिला समर्थन, प्लांट में 95.5% कर्मियों की उपस्थिति रही
भिलाई नगर 28 मार्च । केंद्रीय ट्रेड यूनियन के आवाहन पर भिलाई इस्पात संयंत्र के संयुक्त ट्रेड यूनियन में शामिल 7 यूनियन एवं स्वतंत्र रूप से इंटक के द्वारा मांगों को लेकर आज देशव्यापी हड़ताल का समर्थन करते हुए प्रदर्शन किया गया। हड़ताल में बीएसपी कर्मचारी शामिल नहीं हुए । संयंत्र प्रबंधन के अनुसार आज कर्मचारियों की उपस्थिति 95.5% रही। जिसके कारण भिलाई की हड़ताल यूनियन नेताओं एवं कार्यकर्ताओं तक सिमट कर रह गई।

बीएसपी के मेन गेट के सामने सामने स्थित इक्विपमेंट चौक पर संयुक्त ट्रेड यूनियन के साथ यूनियनों में एटक, एचएमएस, सीटू, एक्टू इस्पात श्रमिक मंच स्टील वर्कर्स यूनियन एवं इटसू के यूनियन लीडर एवं समस्त कार्यकर्ताओं के सुबह 5:30 बजे एकत्रित हुए और केंद्र सरकार की श्रमिक विरोधी नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन किया गया । इस दौरान यूनियन कार्यकर्ताओं के द्वारा भिलाई इस्पात संयंत्र कर्मचारियों को हड़ताल के समर्थन में काम पर नहीं जाने की अपील की गई ।
परंतु कर्मचारियों के द्वारा यूनियन नेताओं के द्वारा की गई अपील को अनदेखा करते हुए काम पर चले गए। परंतु यूनियन कार्यकर्ताओं एवं नेताओं का प्रदर्शन इक्विपमेंट चौक पर दोपहर 3:00 बजे तक प्रदर्शन जारी रहा संयुक्त ट्रेड यूनियन के प्रतिनिधि विनोद कुमार सोनी ने बताया कि आज की हड़ताल में बढ़ती हुई महंगाई चार श्रम संहिता देश के सार्वजनिक उपक्रमों का निजी करण ठेका श्रमिकों को न्यूनतम मजदूरी एवं स्थानीय विषय में वेतन समझौते को लेकर प्रदर्शन किया गया। श्री सोनी ने बताया कि हड़ताल के दूसरे दिन कल 29 मार्च को भी सभी साथ यूनियन के कार्यकर्ता एवं प्रतिनिधियों के द्वारा सुबह 5:30 बजे इक्विपमेंट चौक पर पहुंचकर आज की तरह प्रदर्शन किया जाएगा। हालांकि आज की हड़ताल में बीएसपी कर्मचारी शामिल नहीं हुए सभी कर्मी सुबह की प्रथम पाली एवं दोपहर की पाली में निर्धारित समय अनुसार अपने-अपने कार्यक्षेत्र में उपस्थित रहे जिसके कारण संयुक्त ट्रेड यूनियन कि यह हड़ताल श्रमिक यूनियन के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं तक सिमट कर रह गई।

संयंत्र प्रबंधन ने बताया कि हड़ताल का प्रभाव किसी भी विभाग में दिखाई नहीं दिया प्रतिदिन की तरह सभी विभागों में उपस्थिति सामान्य रही।

