सीजी न्यूज ऑनलाइन डेस्क, 21 जून । राजनंदगांव के बसंतपुर स्थित जय तुलसी मल्टीस्पेशलिटी हास्पिटल में 17 वर्षीय नाबालिग का गर्भपात कराने के मामला सामने आया है। इस मामले में गैंदाटोला पुलिस ने हास्पिटल के संचालक बसंतपुर महेश नगर चौक वार्ड 43 निवासी अमाेलक कुमार जैन (50 वर्षीय) और महिला डाक्टर विजयश्री जैन (47 वर्षीय) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दोनों पति-पत्नी है। आरोपी दंपती के खिलाफ पुलिस ने पाक्सो एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की है। मामला डेढ़ माह पहले का है। बीते 24 अप्रैल को पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामला दर्ज किया था। जिसकी विवेचना के बाद गैंदाटोला पुलिस ने गुरुवार को आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गैंदाटोला थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश पटेल ने बताया कि संचालक व महिला डाक्टर ने नाबालिग के गर्भपात की सूचना पुलिस को नहीं दी। जानकारी छुपाकर अपने अस्पताल में ही नाबालिग का गर्भपात कराया। इस मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 363, 366(क), 376 (घ), 506 भादवि और 4, 6, 19(1)/21(1) पाक्सो एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की गई है। दंपती आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया है।
जानिये कैसे हुए मामले का राजफाश
निरीक्षक रमेश पटेल ने बताया कि गैंदाटोला थाना में डेढ़ माह पहले नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म की शिकायत आयी थी। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। दुष्कर्म के आरोपियों ने ही पीड़िता का जय तुलसी हास्पिटल में गर्भपात कराने की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस मामले की विवेचना कर रही थी। इस दौरान पीडिता का भी पुलिस ने बयान लिया, जिसमें यह राजफाश हुआ कि पुलिस को सूचना दिए बिना हास्पिटल में गर्भपात कराया गया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई कर हास्पिटल संचालक व महिला डाक्टर को गिरफ्तार किया है।

