🔴17 सितंबर को भव्य लाइट एंड साउंड एवं लेजर शो, महात्मा गांधी कला मंदिर में शाम 7 बजे से होगा आयोजन, प्रवेश निःशुल्क
भिलाईनगर, 16 सितंबर 2026। श्री श्री विश्वकर्मा पूजा 2026 के अवसर पर भिलाई इस्पात संयंत्र के क्रीड़ा, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएं विभाग द्वारा 17 सितंबर को भव्य लाइट एंड साउंड एवं लेजर शो का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम शाम 7 बजे से महात्मा गांधी कला मंदिर, सिविक सेंटर में आयोजित होगा।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की प्राचीन भव्यता से लेकर वर्तमान विकास यात्रा तक की कालजयी कहानी को विद्यालयीन प्रतिभाओं, स्थानीय कलाकारों और तकनीशियनों के समूह द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा। प्रस्तुति के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विविधता और विकास यात्रा को रोचक एवं प्रभावी ढंग से दर्शाया जाएगा।
आधुनिक तकनीक से सजेगी प्रस्तुति
आयोजन में लाइट, साउंड और लेजर की आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। तकनीकी प्रभावों और कलाकारों की प्रस्तुति के समन्वय से तैयार यह कार्यक्रम दर्शकों के लिए आकर्षक और विशेष अनुभव देने वाला होगा।
विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। भिलाई इस्पात संयंत्र ने नगरवासियों एवं इस्पात बिरादरी से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर इस भव्य आयोजन का आनंद लेने की अपील की है।

