भिलाईनगर, 26 फरवरी 2026 । दुर्ग के थाना छावनी क्षेत्र स्थित इंडस्ट्री एरिया में बुधवार शाम एक बंद फैक्ट्री में आग लगने की घटना सामने आई। गणपति इंडस्ट्री में रखे वेस्ट मटेरियल और ऑयल के ड्रम में अचानक आग भड़क उठी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। समय रहते पहुंची अग्निशमन टीम ने आग पर काबू पाकर संभावित बड़े हादसे को टाल दिया।
5:30 बजे मिली सूचना
जानकारी के अनुसार 26 फरवरी 2026 को शाम लगभग 5:30 बजे आग लगने की सूचना अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा दुर्ग को दी गई। सूचना मिलते ही एक दमकल वाहन तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया।
फैक्ट्री के अंदर फैल रही थी आग
मौके पर पहुंचने पर अग्निशमन कर्मियों ने देखा कि फैक्ट्री परिसर के अंदर आग तेजी से फैल रही है। बिना देर किए टीम ने पानी की बौछार कर आग पर नियंत्रण पाया और उसे आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोक लिया। फैक्ट्री में ऑयल ड्रम रखे होने के कारण स्थिति गंभीर हो सकती थी, लेकिन समय पर कार्रवाई से बड़ा नुकसान टल गया।
आग लगने का कारण अज्ञात
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच की जा रही है।
टीम की सराहनीय भूमिका
जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के मार्गदर्शन में दल प्रभारी शरद मेश्राम तथा अग्निशमन कर्मचारी नागेश मरकण्डे, धर्मेन्द्र, खेमराज, राहुल और पवित्र ने समन्वित टीम वर्क के साथ त्वरित कार्रवाई की।
अग्निशमन कर्मियों की तत्परता और बहादुरी से एक बड़ी घटना होने से बच गई तथा मौके पर किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

