राजनांदगांव, 8 अक्टूबर। दुर्ग जिले के बाद राजनांदगांव में भी बच्चा चोर की अफवाह बढ़ती जा रही है। पुलिस प्रशासन ने ऐसे किसी भी अफवाह से लोगों को बचने की अपील की है और किसी भी संदिग्ध के दिखने पर पुलिस को सूचना देने की बात कही है।
गौरतलब हो कि कल इसी अफवाह पर नए बस स्टैंड में एक व्यक्ति से मारपीट कर दी गई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस स्टैंड के पास रहने वाले कुछ लोग एक व्यक्ति को बच्चा चोर बताकर पीट रहे थे, जिसे देखकर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जब पूछताछ की तो सामने आया कि वह व्यक्ति ड्राइवर है। जो अंबागढ़ चौकी क्षेत्र से गाड़ी में सीताफल बेचने वालों को लेकर आया है। वहां मौजूद बच्चा जब बार-बार फ्री में सीताफल मांग रहा था, तो ड्राइवर ने उसे डांट लगा दी। इसी पर उसके परिजन आकर उसे बच्चा चोर कहकर पीटने लगे। वहीं सोमनी इलाके के ग्राम बैगाटोला में भी एक व्यक्ति संदिग्ध रुप से घूमता देख ग्रामीणों ने समझदारी दिखाते हुए उसे थाने पहुंचाया है। पुलिस ने ऐसा किसी भी प्रकार का मामला आने पर पुलिस कंट्रोल रूम या पुलिस डायल 112 नंबर पर सूचित करने कहा है।
बस स्टैंड में बच्चा चोर की आशंका से ड्रायवर की पिटाई, सोमनी में एक संदिग्ध को किया पुलिस के हवाले, बच्चा चोरी की अफवाह पहुंची पड़ोसी जिले तक

