सीजी न्यूज ऑनलाइन 22 अगस्त 2026 । छत्रपति संभाजीनगर में iPhone को लेकर माता-पिता से विवाद के बाद 19 वर्षीय कुणाल पहाड़ी पर पहुंच गया. उसे बचाने पहुंचे पिता भी पहाड़ी से गिर गए. पति और बेटे को गिरता देख मां ने भी छलांग लगा दी. करीब तीन घंटे तक पुलिस, फायर ब्रिगेड और ग्रामीणों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन परिवार के तीनों सदस्यों की मौत हो गई.
छत्रपति संभाजीनगर के तिसगांव इलाके में शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई. कुछ ही घंटों में एक पूरा परिवार खत्म हो गया. पुलिस के मुताबिक, 19 वर्षीय कुणाल चांदगुडे का अपने माता-पिता से iPhone की EMI को लेकर विवाद हुआ था. विवाद के बाद कुणाल परेशान होकर पहाड़ी पर चला गया. इसकी जानकारी मिलने पर पिता मुरलीधर चांदगुडे और मां संगीता उसे समझाने के लिए वहां पहुंचे.
पिता की डांट से नाराज बेटा पहाड़ी पर चढ़ा
जी हां, जांच में सामने आया है कि 19 साल के कुणाल ने हाल ही में एक iPhone खरीदा था और उसकी EMI भरने के लिए परिवार से पैसे मांग रहा था। इसी बात को लेकर उसके पिता के साथ पेमेंट को लेकर उसकी तीखी बहस हो गई थी। पिता की डांट से नाराज होकर कुणाल घर से बाहर निकल गया। वो सुबह करीब 10 बजे वालुज MIDC पुलिस थाना क्षेत्र के तिसगांव स्थित एक पहाड़ी पर जा चढ़ा।
वालुज पुलिस के इंस्पेक्टर रामेश्वर गाड़े के मुताबिक, घटना की शुरुआत सुबह करीब 10 बजे हुई. कुणाल iPhone की मांग कर रहा था. माता-पिता से इसी बात को लेकर उसकी कहासुनी हुई, जिसके बाद वह खवड्या पहाड़ की तरफ चला गया. पहाड़ी काफी ऊंची और खड़ी चट्टानों वाली है, जिसके नीचे गहरी खाई है.
कुणाल के पहाड़ी पर पहुंचने की जानकारी मिलने के बाद माता-पिता भी वहां पहुंच गए. मां संगीता लगातार बेटे को समझाती रहीं और उससे वापस घर चलने के लिए कहती रहीं. आसपास के गांव के लोग और सरपंच भी मौके पर पहुंच गए. सभी ने कुणाल को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह पहाड़ी से नीचे आने को तैयार नहीं था.
तीन घंटे तक कुणाल को समझाते रहे माता- पिता
स्थिति गंभीर होने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई. फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने पहाड़ी के नीचे सुरक्षा जाल लगाने की कोशिश की. इसके बावजूद कुणाल लगातार अपनी जगह बदलता रहा. करीब तीन घंटे तक उसे समझाने और सुरक्षित नीचे लाने की कोशिश चलती रही.
दोपहर करीब 1 बजे कुणाल के पिता मुरलीधर भी उसके करीब पहुंचे. उन्होंने बेटे को समझाने के साथ उसे पकड़कर सुरक्षित वापस लाने की कोशिश की. पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान कुणाल ने पहाड़ी से नीचे छलांग लगा दी. बेटे को बचाने के प्रयास में पिता ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान दोनों का संतुलन बिगड़ गया और दोनों पहाड़ी से नीचे गिर गए.
पति और बेटे को अपनी आंखों के सामने गिरते देख मां संगीता सदमे में आ गईं. पुलिस के मुताबिक, कुछ ही देर बाद उन्होंने भी पहाड़ी से छलांग लगा दी. इस तरह कुछ ही मिनटों में परिवार के तीनों सदस्यों की मौत हो गई. घटना के दौरान मौके पर मौजूद गांव के लोगों, पुलिस और फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने पूरे घटनाक्रम को अपनी आंखों के सामने देखा. तीनों की मौत के बाद मौके पर मातम छा गया.
मृतकों की पहचान 48 वर्षीय मुरलीधर चांदगुडे, उनकी पत्नी संगीता और 19 वर्षीय बेटे कुणाल चांदगुडे के रूप में हुई है. परिवार शहर के झाल्टा फाटा इलाके का रहने वाला बताया गया है. पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
आईफोन 15 प्रो देने की बात भी कही
तिसगांव गांव के पूर्व सरपंच संजय जाधव भी कुणाल को समझाने वालों में शामिल थे। उन्होंने बताया कि लोगों ने कुणाल से उसकी मां के बारे में सोचने और ऐसा कदम नहीं उठाने की अपील की थी। कुछ लोगों ने उसे iPhone 15 Pro दिलाने की पेशकश भी की, लेकिन वह अपनी बात पर अड़ा रहा। हमने उससे बहुत मिन्नतें कीं कि वह अपनी मां के बारे में सोचे और कूदे नहीं। वह पढ़ा-लिखा था और उसका भविष्य उज्ज्वल था। हमने हर तरह से उसे मनाने की कोशिश की। लेकिन कुणाल का जवाब बस कंधे उचकाना और यह जिद करना था कि मौत ही उसके लिए एकमात्र रास्ता है।
कुछ ही मिनटों में खत्म हो गया पूरा परिवार
इंस्पेक्टर रामेश्वर गाड़े के नेतृत्व में पुलिस मामले की जांच कर रही है. घटना के दौरान मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है. एक iPhone को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद देखते ही देखते ऐसी दर्दनाक घटना में बदल गया, जिसमें बेटे को बचाने पहुंचे माता-पिता की भी जान चली गई. कुछ ही घंटों में एक परिवार पूरी तरह उजड़ गया.
पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने अभी तक पारिवारिक विवाद की पूरी परिस्थितियों को लेकर विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है। साथ ही, कुणाल की मानसिक स्थिति को लेकर भी पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस ने शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई चल रही है।

