🔴 हत्या की आशंका पर परिजनों का हंगामा
🔴 अनुकंपा नियुक्ति और मुआवजा की मांग
भिलाई नगर, 27 अक्टूबर।बीएसपी के नंदिनी माइंस मेंटेनेंस ऑफिस के सामने कल ठेका श्रामिक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने बड़ी संख्या में वहां पहुंचकर खूब हंगामा किया। उन्होंने इस खुदकुशी को हत्या बताते हुए जहां जांच की मांग की वहीं अनुकंपा नियुक्ति और मुआवजा राशि की मांग पर अडे़ रहे। इस मामले में नंदिनी पुलिस मर्ग कायम कर जैसे ही शव को फंदे से उतारने के लिए पहुंची, परिजनों ने लाश को नीचे नहीं उतारने दिया और पूरी रात फंदे में शव लटका रहा। बताया जा रहा है कि आज तहसीलदार के सामने शव को फंदे से उतार कर पीएम के लिए भेजा जाएगा।
नंदिनी थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने बताया कि घटना कल शाम की है जिसमें ग्राम कोकड़ी निवासी गजानंद साहू पिता पुनाराम साहू (25 वर्ष) बीएसपी टाउनशिप नंदिनी के मेंटेनेंस ऑफिस में रोज की तरह सुबह ड्यूटी पर आया तथा शाम को वह मेंटेनेंस ऑफिस के सामने कमरे में गया और वहां नायलोन की रस्सी को पंखे से बांधकर फांसी लगा ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जेब की तलाशी लेने पर उसका आधार कार्ड मिला जिससे उसकी पहचान हुई। युवक ने आत्महत्या क्यों की इसका पता नहीं चला है। साथ काम करने वाले और परिजनों से बयान लिया जायेगा।
वहीं मौके पर पहुंचे मृतक के परिजनों ने दावा किया है कि गजानंद खुदकुशी नहीं कर सकता, उसकी हत्या करके उसे लटकाया गया है। परिजनों के हंगामा करने पर पुलिस ने बड़ी मुश्किल से उन्हें समझाया। जब पुलिस शव को फंदे से नीचे उतारने लगी तो परिजन अड़ गए और शव को नहीं उतारने दिया।
एसपी दुर्ग डाॅ. अभिषेक पल्लव ने बताया कि आज तहसीलदार के समक्ष शव को फंदे से नीचे उतार पंचनामा कार्रवाई कर पीएम के लिए भेजा जाएगा। पीएम रिपोर्ट से साफ पता चल जाएगा कि युवक की हत्या की गई है या उसने खुदकुशी की है।

