🔴सेक्टर-10 में कार्रवाई; समिति पदाधिकारियों को तत्काल शुल्क वसूली बंद करने की चेतावनी
भिलाईनगर, 23 सितंबर 2026। सेक्टर-10 स्थित गणेश पंडाल में पार्किंग के नाम पर कथित रूप से अनधिकृत शुल्क वसूली की शिकायत पर नगर पालिक निगम भिलाई ने कार्रवाई की है। निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर पार्किंग शुल्क वसूली में इस्तेमाल की जा रही 5 कट्टा रसीदें जब्त कीं और संबंधित समिति के पदाधिकारियों को तत्काल शुल्क वसूली बंद करने की हिदायत दी।

नगर निगम के अनुसार, निगम आयुक्त सुरुचि सिंह के आदेश और जोन आयुक्त येशा लहरे के निर्देश पर टीम ने मंगलवार शाम सेक्टर-10 गणेश पंडाल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शिवमानस गणेशोत्सव समिति द्वारा पार्किंग शुल्क नहीं लिया जाना पाया गया। वहीं सिद्धि विनायक गणेशोत्सव समिति द्वारा ‘स्वास्तिक सायकल स्टैंड’ के नाम से दुपहिया और चौपहिया वाहनों से 10, 20 और 30 रुपये की राशि पार्किंग शुल्क के रूप में वसूल किए जाने की जानकारी सामने आई।
इसके बाद निगम टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए शुल्क वसूली में उपयोग की जा रही 5 कट्टा रसीद जब्त कर ली। समिति के अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देश दिया गया कि तत्काल प्रभाव से पार्किंग शुल्क की वसूली बंद की जाए।
निगम अधिकारियों ने चेतावनी दी कि भविष्य में इस प्रकार की अनधिकृत वसूली करते पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गणेशोत्सव की व्यवस्थाओं पर निगम की नजर
नगर निगम ने कहा कि गणेशोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं और नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। निगम ने आयोजन समितियों से निर्धारित नियमों का पालन करने तथा श्रद्धालुओं से किसी भी प्रकार की अनधिकृत राशि नहीं वसूलने की अपील की है।
कार्रवाई के दौरान निगम के जोन क्रमांक-5 के सहायक राजस्व अधिकारी अनिल मेश्राम सहित भिलाई नगर पुलिस प्रशासन की टीम मौजूद रही।

