दुर्ग के कंस्ट्रक्शन व्यवसाई ने लिया भिलाई के लोहा कारोबारी से 29 लाख का माल, तगादा करने पर ऑफिस एवं घर में ताला लगाकर हुआ फरार, खुर्सीपार पुलिस ने किया मामला दर्ज

दुर्ग के कंस्ट्रक्शन व्यवसाई ने लिया भिलाई के लोहा कारोबारी से 29 लाख का माल, तगादा करने पर ऑफिस एवं घर में ताला लगाकर हुआ फरार, खुर्सीपार पुलिस ने किया मामला दर्ज


भिलाई नगर 7 सितंबर । दुर्ग के कारोबारी के द्वारा भिलाई के व्यवसाई को करीब 29 लाख रुपए का लोहा खरीद कर विगत 1 वर्षों से भुगतान नहीं किया। व्यवसाय द्वारा लगातार दबाव बनाए जाने पर दो चेक करीब 20 लाख रुपए राशि के दिए थे जो दोनों ही अनादरित हो गए। व्यवसाई द्वारा संपर्क करने पर घर एवं कार्यालय में ताला लगाकर फरार हो गया। रिपोर्ट पर से खुर्सीपार पुलिस के द्वारा आरोपी अनिल कुमार शर्मा के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।

खुर्सीपार पुलिस ने बताया कि प्रार्थी दिनकर बासोतिया, उम्र 44 वर्ष, आ. स्व. रामचंद्र बासोतिया निवासी 13 सुंदर नगर ,थाना वैशाली नगर भिलाई डीबी कमर्शियल कंपनी कार्यालय तेलहा नाला खुर्सीपार भिलाई का प्रोप्राइटर है। मूलता लोहा विक्रय करने का कारोबार करता है। पूजा कन्सट्रक्शन कंपनी के मालिक अनिल कुमार शर्मा निवासी एल.आई.जी. 253 , पदमनाभपुर , दुर्ग कार्यालय ट्रांसपोर्ट नगर, धमधा रोड, दुर्ग में स्थित है। अनिल कुमार शर्मा सन 2016 से कन्सट्रक्शन कार्य हेतु डीबी कमर्शियल कंपनी फर्म से उधार में लोहा क्रय कर समय समय में भुगतान किया करता था, इस प्रकार उसने विश्वास अर्जित कर लिया। सन 2019 में अनिल कुमार शर्मा एवं लक्ष्मी कन्सट्रक्शन कंपनी महाराष्ट्र के प्रतिनिधि आकर दिनकर से कहा कि लक्ष्मी कन्सट्रक्शन कंपनी को छत्तीसगढ राज्य के विभिन्न क्षेत्र में अमृत मिशन योजनान्तर्गत निर्माण कार्य करने का टेंडर मिला है। जिस पर लक्ष्मी कन्सट्रक्शन कंपनी महाराष्ट्र के प्रतिनिधि ने भी अपनी सहमति प्रदान की तथा यह भी व्यक्त किया कि उक्त कार्य को दोनो की कंपनी सयुक्तत: करेगी तथा दोनो व्यक्तियो ने दिनकर से कहा कि इस कार्य में बहुत अधिक मात्रा में लोहा की आवश्यकता होगी, जिसकी सप्लाई का जिम्मा डीबी कमर्शियल कंपनी का होगा और प्रदत्त लोहा की राशि जो भी होगी समय समय पर भुगतान कर देंगे। हमे लोहा की सप्लाई प्रारंभ कर दें। चूंकि पूजा कन्सट्रक्शन कंपनी के मालिक अनिल कुमार शर्मा से पुराना व्यावसायिक सम्बन्ध था , जिससे दिनकर बसोतिया उन लोगो की बातों में आ गया और उधार में लोहा प्रदान करना प्रारंभ कर दिया जिसकी राशि बढते बढते 28,86,081.98 /- रू0 हो गई तत्पश्चात अनिल शर्मा ने लेन देन बंद कर दिया तब दिनकर बसोतिया ने अनिल शर्मा से बकाया रकम का तकादा किया , इस पर अनिल कुमार शर्मा लगातार शीघ्रताशीघ्र रकम अदा करने का आश्वासन देकर गुमराह करता रहा। तत्पश्चात अनिल कुमार शर्मा द्वारा दबाव बनाए जाने पर उधार लिए गए लोहा के आंशिक भुगतान पेटे फर्म के नाम पर पूजा कन्सट्रक्शन कंपनी के नाम का 02 नग चेक क्रमांक 945496 7 जून 2021 रकम 10,61,000 रूपये एवं चेक क्रमांक 945495 9 जून 2021 रकम 10,00,000 रूपये दिया गया। उक्त दोनो चेकों को डेढ माह बाद प्रस्तुत करने का निवेदन किया , तत्पश्चात दिनकर ने दोनो चेक को 19 जुलाई 2021 को अपने फर्म के बैंक आई0सी0आई0सी0आई बैंक , शाखा नंदिनी रोड, भिलाई में प्रस्तुत किया, जहां उक्त चेकों को बैंक ने अपर्याप्त राशि की टीप के साथ अनादिरत कर दिया , तत्पश्चात अनिल कुमार शर्मा को रकम के भुगतान हेतु फोन लगाया किन्तु अनिल कुमार शर्मा ने फोन उठाना बंद कर दिया , इस पर लक्ष्मी कन्सट्रक्शन कंपनी महाराष्ट्र से संपर्क किया जिस पर लक्ष्मी कन्सट्रक्शन कंपनी महाराष्ट्र ने यह जानकारी दी कि हमने पूजा कन्सट्रक्शन कंपनी को पेटी कांट्रेक्ट में कार्य दिया था , जो भी लेन देन है उसके लिए तुम अनिल कुमार शर्मा से बात करो, इस पर मैंने पुन: अनिल कुमार शर्मा से संपर्क करने की कोशिश किया तो पता चला कि अनिल कुमार शर्मा अपने कार्यालय एवं घर पर ताला लगाकर फरार हो गया है, अनिल कुमार शर्मा ने छलकपट करते हुए दिनकर बसोतिया को आर्थिक हानि पहुंचाया है। खुर्सीपार पुलिस के द्वारा दिनकर बसोतिया की शिकायत पर से आरोपी अनिल कुमार शर्मा के खिलाफ धारा 420 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।