आकाशगंगा मार्केट का कलेक्टर ने किया दौरा, धरना पर बैठे व्यवसायियों से हुई चर्चा

आकाशगंगा मार्केट का कलेक्टर ने किया दौरा, धरना पर बैठे व्यवसायियों से हुई चर्चा



🟢 साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश
भिलाई नगर, 23 अक्टूबर। दुर्ग कलेक्टर पुष्पेंद्र मीणा ने कल रात आकाश गंगा और दक्षिण गंगोत्री मार्केट का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों की समस्या भी सुनीं। उनके साथ निगम आयुक्त रोहित व्यास, रेलवे के अधिकारी और व्यापारी मौजूद रहे। सुपेला में धरना दिए बैठे व्यापारियों से मुलाकात और चर्चा के बाद कलेक्टर ने कहा कि रेलवे एवं इससे संबंधित अधिकारियों के साथ अंडरब्रिज निर्माण पर विस्तृत समीक्षा कर समाधान का प्रयास किया जायेगा। व्यापारियों के साथ कलेक्टर एवं निगम आयुक्त ने पूरे मार्केट क्षेत्र का दौरा किया ।
गौरतलब हो कि सुपेला अंडरब्रिज के निर्माण में 60 से अधिक दुकानें बंद होने के चलते यहां के व्यापारी पिछले कई दिनों से धरने पर हैं। कारोबारियों का आरोप है कि अंडरब्रिज को बीच से न निकालकर दक्षिण गंगोत्री मार्केट की तरफ अधिक कर दिया है, इससे आकाश गंगा की तरफ काफी जगह है वहीं दक्षिण गंगोत्री की तरफ थोड़ी भी जगह नहीं बच रही है। कल रात कलेक्टर ने व्यापारियों से चर्चा कर उनका पक्ष जाना और इसके बाद उन्होंने उत्तर गंगोत्री, दक्षिण गंगोत्री, अकाश गंगा का दौरा किया। इस दौरान सुपेला मार्केट क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों की शिकायत पर उन्होंने इस पर अंकुश लगाने के लिए निगम को निर्देशित किया। भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने पाया कि यहां बिछाई गई पाइप लाइन में कई जगह से लीकेज है। उन्होंने संबंधित अधिकारी को तत्काल निर्देश दिया कि वो पाइप लाइन की मरम्मत करें। साथ ही निगम अधिकारियों से बाजार के सभी सार्वजनिक शौचालय की साफ सफाई लगातार करने के निर्देश दिए।