*गर्भवती महिला को रात भर बिठाए रखने पर कलेक्टर ने आबकारी अधिकारी से मांगा जवाब, नहीं पेश हुआ शराब तस्कर, पार्षद की गारंटी का कोई असर नहीं*

*गर्भवती महिला को रात भर बिठाए रखने पर कलेक्टर ने आबकारी अधिकारी से मांगा जवाब, नहीं पेश हुआ शराब तस्कर, पार्षद की गारंटी का कोई असर नहीं*


गर्भवती महिला को रात भर बिठाए रखने पर कलेक्टर ने आबकारी अधिकारी से मांगा जवाब, नहीं पेश हुआ शराब तस्कर, पार्षद की गारंटी का कोई असर नहीं…..

भिलाई नगर, 2 फरवरी। विगत 29 जनवरी को कार में लोड अवैध शराब को रामनगर क्षेत्र से आबकारी विभाग ने पकड़ा था। कार की निगरानी में लगाए गए सिपाही से आरोपी मारपीट कर फरार हो गए थे। इससे नाराज आबकारी विभाग ने आरोपी की गर्भवती पत्नी और बहन को आबकारी कंट्रोल रूम में रात भर बिठा कर रखा ताकि आरोपी सरेंडर करे लेकिन अगले दिन विरोध और पार्षद रामानंद मोर्या की दो दिन में आरोपी के सरेंडर करने लिखित गारंटी पर महिला को छोड़ दिया गया था। तीन दिन बाद भी अवैध शराब तस्करी के आरोपी फरार ही हैं उधर दूसरी तरफ बिना उच्च अधिकारियों को सूचना दिए आरोपी के परिवार को बैठा कर रखने पर नाराजगी जताते हुए कलेक्टर ने आबकारी विभाग को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। 

विदित हो कि आबकारी अधिकारियों ने 8 पेटी शराब से भरी कार सीजी 07 एवी 2913 जब्त कर लिया है। पार्षद रामानंद मौर्य की गारंटी पर आबकारी ने कोचिया की पत्नी और बहन को छोड़ा था। पार्षद ने गारंटी दी थी कि आरोपी आदित्य मानिकपुरी को दो दिन के अंदर पेश करा दिया जाएगा। आबकारी अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने एक दिन का और समय दिया है। अगर आरोपी सरेंडर नहीं करता तो वह उसकी तलाश करने सहित पार्षद पर कार्रवाई को लेकर उच्च अधिकारियों से सलाह लेंगे और उसके बाद नियमा अनुसार कार्रवाई करेंगे।

इस मामले में 30 जनवरी को आबकारी विभाग के अधिकारियों ने एक गर्भवती महिला को कंट्रोल रूम में पूरी रात बैठाए रखा था। यह खबर मिलने के बाद दुर्ग कलेक्टर एसएन भूरे ने नाराजगी जताई है। उन्होंने नोटिस जारी कर आबकारी अधिकारी से जवाब मांगा है कि शराब कोचिया न पकड़े जाने पर उसकी गर्भवती पत्नी और बहन को किस आधार पर रात भर आबकारी कंट्रोल रूम में बैठाकर रखा गया? सात दिन के भीतर यदि सही जवाब नहीं मिलता है तो आबकारी अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्यवाही की जाएगी। 

गौरतलब हो कि आबकारी उपनिरीक्षक स्वाती चौरसिया ने मुखबीर से सूचना के आधार पर 29 जनवरी शनिवार देर रात 12 बजे रामनगर मुक्तिधाम में छापेमार कार्रवाई की थी। यहां उन्होंने एक सफेद रंग की विस्टा कार सीजी 07 एवी 2913 में एमपी निर्मित गोवा शराब जब्त की थी। कार्रवाई के दौरान कार लावारिस हालत में मिली थी इसलिए आबकारी अधिकारी ने कार को जब्त करने से पहले वहां एक सिपाही को खड़ा किया था। सिपाही जागेश्वर कार की निगरानी कर ही रहा था कि इतने में शराब कोचिया आदित्य मानिकपुरी अपने साथी विनय और एक अन्य के साथ पहुंचा और सिपाही की पिटाई कर दी। मारपीट के बाद तीनों आरोपी वहां से फरार हो गए। जब लोगों ने आबकारी अधिकारी को बताया कि कार आदित्य मानिकपुरी है तो आबकारी की टीम उसके घर पहुंच गई। उन्होंने गुस्से में आदित्य की 6 माह से गर्भवती पत्नी और बहन को अपने साथ आबकारी कंट्रोल रूम सेक्टर 1 ले आए और वहां उन्हें पूरी रात व दिन भर बैठाकर रखा गया। सोमवार को कांग्रेस के पार्षद रामानंद मौर्या ने आरोपी द्वारा दो दिन के भीतर निश्चित रूप से सरेंडर करने का लिखित आवेदन दिया तब आबकारी विभाग ने आरोपी की पत्नी और बहन को छोड़ दिया था लेकिन दो दिन बाद भी आरोपी फरार ही है।