मकान क्षतिपूर्ति राशि 80 हज़ार का आधा हिस्सा मांगा बाबू ने, 25000 लेते हुए पकड़ा गया

मकान क्षतिपूर्ति राशि 80 हज़ार का आधा हिस्सा मांगा बाबू ने, 25000 लेते हुए पकड़ा गया


🛑एंटी करप्शन ब्यूरो के ट्रैप में फंसा घूसखोर

सीजी न्यूज ऑनलाइन 16 दिसंबर। जिला-सूरजपुर में उप तहसील कार्यालय में जरही का बाबू को रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम के द्वारा गिरफ्तार किया गया। मकान क्षतिपूर्ति की राशि का आधा हिस्सा ₹40000 की मांग की थी। आज ₹25000 लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
एंटी करप्शन ब्यूरो के मुताबिक प्रार्थी रमेश राजवाडे, निवासी ग्राम कोटेया, तहसील-प्रतापपुर, जिला सूरजपुर द्वारा एन्टी करप्शन ब्यूरो, अंबिकापुर में शिकायत की गई थी कि उनका कच्चा निवास मकान इस वर्ष बारिश से क्षतिग्रस्त हो गया था जिसकी क्षतिपूर्ति / मुआवजा राशि के लिये उनके द्वारा उप तहसील कार्यालय जरही में आवेदन किया गया था। प्रार्थी द्वारा उप तहसील कार्यालय जरही में पदस्थ बाबू लोखन राम सोरी से मिलने पर उनके द्वारा मुआवजा / क्षतिपूर्ति राशि प्रदान करने के एवज में कुल मुआवजा राशि 80,000 रू. का आधा राशि 40,000 रू. रिश्वत के रूप में मांग की गई, जिसमें से 15,000 रू. उसी समय एडवांस के रूप में ले लिया गया था। प्रार्थी रिश्वत नहीं देना चाहता था बल्कि आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़वाना चाहता था। शिकायत सत्यापन पश्चात् आज ट्रेप आयोजित कर प्रार्थी से आरोपी बाबू लोखन राम सोरी को बची हुई राशि 25,000 रू. रिश्वत लेते रंगे हाथो पकड़ा गया।
आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरूद्ध धारा 7 पी.सी. एक्ट 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) के प्रावधानों के तहत् अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।