*भिलाई-3 के तालाब में डूबने से बच्चे की मौत, नहाने उतरा और गहरे पानी में फंस गया*

*भिलाई-3 के तालाब में डूबने से बच्चे की मौत, नहाने उतरा और गहरे पानी में फंस गया*


भिलाई-3 के तालाब में डूबने से बच्चे की मौत, नहाने उतरा और गहरे पानी में फंस गया

भिलाई नगर, 23 मार्च। एक 6 साल के बच्चे की तालाब में डूबने से मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि वह अपने दोस्त के साथ खेलते खेलते तालाब की तरफ चला गया। वहां गहरे पानी में जाने से डूबने लगा। जब तक परिजनों ने उसे पानी से बाहर निकाला, उसकी मौत हो चुकी थी।

पुरानी भिलाई थाना प्रभारी विनय सिंह बघेल ने बताया कि ग्राम अमेरी के सतनामी पारा की यह घटना है। पिता पुष्कर गेन्द्रे टेंट हाउस में काम करता है। 6 वर्षीय निखिल गेन्द्रे मंगलवार को घर के पास कुछ बच्चों के साथ खेल रहा था। खेलते-खेलते वह दूसरी तरफ चला गया। वहां से कुछ दूर पर हरबंधा तालाब है। बच्चों के साथ निखिल तालाब की तरफ चला गया और उसमें नहाने लगा। इसी दौरान वह समझ नहीं पाया और गहरे पानी में चला गया। निखिल को डूबता देख उसका एक साथी उसके घर की ओर भागा और उसकी जानकारी परिजनों को दी, परिजन तुरंत तालाब पहुंचे। तालाब में नहा रही कुछ महिलाओं ने कूदकर निखिल को पानी में खोजा लेकिन उसका पता नहीं चला। परिजनों ने गांव के लोगों की मदद से बच्चे को पानी में खोजा। कई घंटे की मशक्कत के बाद उसका शव पानी के अंदर खोजा जा सका। निखिल को पानी से निकाल कर तुरंत गांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद मर्ग कायम कर शव को पीएम के लिए भेज दिया है।