पालिकाध्यक्ष के घर की बाउंड्री फांद कार और बुलेट में लगाई आग, अज्ञात के खिलाफ जुर्म दर्ज
भिलाई नगर, 11मार्च। 9-10 मार्च की दरमियानी रात जामुल नगर पालिका अध्यक्ष के घर के सामने खड़ी कार और बुलेट को अज्ञात आरोपी ने आग लगा दी। घटना के समय पालिकाध्यक्ष परिवार समेत घर के भीतर सोये हुए थे। आग की लपटें उठती देख पडो़सियों ने उन्हें सूचना दी लेकिन दोनों ही वाहन तब तक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। कल दोपहर रिपोर्ट पर जामुल पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 436 के तहत मामले में अपराध पंजीबद्ध किया है।

जामुल थाना प्रभारी गौरव पांडे ने बताया कि ईश्वर सिंह पिता स्व. शत्रुहन सिंह नगर पालिका परिषद जामुल अध्यक्ष हैं। उनके निवास ग्राम सुरडूंग वार्ड-20 में वो अपने बड़े भाई दधिची सिंह के साथ रहते हैं। उनकी भाभी मंजू बाई की कार क्रमांक सीजी 07 सीसी 6249 एवं पालिकाध्यक्ष की बुलेट सीजी 07 एजी 5222 हमेशा की तरह रात्रि में मकान के बाउण्ड्री के अंदर घर से लगे हुए आंगन में खडी़ थी। बीती रात्रि करीबन 10 बजे दोनों वाहन आगंन में खड़ी कर भोजन कर सह परिवार घर के अंदर पूरे आठों सदस्य सोए। रात्रि सवा एक बजे पड़ोसी राम स्वरूप सिंह ने दरवाजा खटखटा कर उठाया। घर के सामने कार और बुलेट जल रही थी । जिसे पड़ोसी एवं परिवार मिलकर डेढ़ घण्टे में बुझाया। किसी अज्ञात व्यक्ति ने बाउंड्री फांद वाहनों में आग लगाई है।

