ईंटा उठा कहने लगा “आगे बढे़ तो जान से मार दूंगा”,
डिप्टी कमांडेंट के गनमैन को धमकी, मामला लिंक रोड दुकान में अवैध निर्माण का
भिलाई नगर, 21 अप्रैल। सीएएफ 7वीं वाहिनी भिलाई की डिप्टी कमांडेट के निर्माणाधीन दुकान में घुसकर अवैध निर्माण करा रहे व्यक्ति को जब उनके गनमैन में रोकना चाहा तो उसने ईंटा उठा गनमैन को जान से मारने की धमकी दे डाली। डिप्टी कमांडेंट के पहुंचने पर आरोपी मौके से भाग गया। रिपोर्ट पर छावनी पुलिस ने आरोपी उदय सिंह के खिलाफ धारा 294, 447 व 506 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि 32 वर्षीय बंकिम प्रसाद निवासी रामनगर मुक्तिधाम गायत्री मंदिर के पास, सीएएफ में 7वीं वाहिनी भिलाई में आरक्षक के पद पर कार्यरत है। वह 7वीं वाहिनी भिलाई की डिप्टी कमांडेट बीना खिरवाट का गनमैन है। बंकिम ने बताया कि डिप्टी कमांडेंट बीना खिरवाट के निर्माणाधीन दुकान में कोई घुसकर अवैध निर्माण करा रहा है कि सूचना डिप्टी कमांडेंट के साथ बंकिम लिंक रोड स्थित अनुराग ट्रेडर्स के बगल में निर्माणाधीन दुकान में गया तो वहां उदय सिंह खड़ा था और दुकान में अवैध रूप से निर्माण करा रहा था। बंकिम ने बोला कि आप वहां पर क्यों खडे हो, तो उदय सिंह द्वारा गाली गलौज की गई। बंकिम ने मना किया तो उदय ने हाथ में ईटा उठा लिया और उसे जान से मारने की धमकी दी। बंकिम ने गाड़ी में बैठी बीना खिरवाट को बताया तो उन्होंने उदय सिंह से कहा कि यह मेरे नाम से दुकान है, तुम कौन होते हो यहां आने वाले तो उदय सिंह वहां से शीट फांदकर भाग गया।

