होली के दूसरे दिन तालाब में मिला युवक का शव, नहाने के दौरान डूबने की आशंका

होली के दूसरे दिन तालाब में मिला युवक का शव, नहाने के दौरान डूबने की आशंका



दुर्ग, 06 मार्च 2026। दुर्ग जिले के पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम राखी में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक तालाब में युवक का शव तैरता हुआ मिला। सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने पानी में शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
जानकारी मिलते ही पाटन पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जांच के दौरान मृतक की पहचान सूरज दास मानिकपुरी (26 वर्ष) के रूप में हुई है, जो सेजबहार क्षेत्र का निवासी था। बताया जा रहा है कि वह होली का त्योहार मनाने अपने ससुराल ग्राम राखी आया हुआ था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक होली खेलने के बाद तालाब में नहाने गया था। इसी दौरान संभवतः गहरे पानी में जाने से वह डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल पाटन पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।