दुर्ग, 13 अप्रैल 2026। नंदिनी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवरझाल में एक हाईवा ड्राइवर का संदिग्ध अवस्था में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही नंदिनी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रशिक्षु डीएसपी एवं नंदिनी थाना प्रभारी दानेश्वर साहू ने बताया कि बुधवार शाम करीब 6 बजे ग्राम देवरझाल में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने जांच की तो मृतक की पहचान असुर मरकाम (40 वर्ष) के रूप में हुई।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।
परिजनों से पूछताछ में सामने आया है कि मृतक शराब पीने का आदी था और पूर्व में भी 5-6 बार बिना बताए घर से चला गया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

