तबियत ठीक नहीं थी फिर भी नातिन के लिए केक लेने निकले व्यक्ति की खुर्सीपार की झाड़ियों में मिला शव 🛑 छ: घंटे तक नहीं लौटने पर तलाशने निकले थे परिजन

तबियत ठीक नहीं थी फिर भी नातिन के लिए केक लेने निकले व्यक्ति की खुर्सीपार की झाड़ियों में मिला शव 🛑 छ: घंटे तक नहीं लौटने पर तलाशने निकले थे परिजन



भिलाई नगर, 1 जून।‌ कल शाम एक 55 साल के व्यक्ति का शव मिला है। मृतक की पहचान जय सिंह निवासी पावर हाउस नंदिनी रोड के रूप में हुई है। वह अपनी नातिन के लिए बर्थडे केक लेने गया था‌ लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। दूसरी तरफ झाड़ियों में एक व्यक्ति को मृत हालत में पड़ा देख लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। यह पूरा मामला खुर्सीपार थाना क्षेत्र का है।


पुलिस से सूचना मिलते ही सुपेला हास्पिटल पहुंची मृतक की पत्नी पार्वती (50 वर्ष) ने बताया कि जयसिंह सेक्टर 6 में मोची की दुकान चलाते थे। उनके तीन बेटी और एक बेटा हैं। एक दिन पहले उसकी कुछ तबीयत ठीक नहीं थी। शुक्रवार को उसकी बेटी की बेटी (नातिन) का जन्म दिन था तो जयसिंह नातिन के लिए बर्थडे केक लाने निकले थे। पार्वती ने कहा भी कि गर्मी बहुत अधिक है, घर में आराम करो पर जयसिंह बोले कि वो कुछ देर में वापस आ जाएंगे। कल सुबह 11 बजे घर से निकले जयसिंह जब शाम तक घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश की। इसी दौरान शाम 6 बजे खुर्सीपार गेट के पास स्थित झाड़ियों में उनका शव मिला। खुर्सीपार पुलिस ने जयसिंह की पत्नी को बुलाकर पंचनामा कार्रवाई की और शव को मर्च्यूरी भेजा। खुर्सीपार पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह का पता चल पाएगा फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।