🔴तामस्कर स्मृति स्वर्ण पदक कु. उपासना दिल्लीवार को, कु. फिजा शेख ने जीते 4 पुरस्कार
दुर्ग 07 फरवरी 2026। पुरस्कार प्राप्त करना श्रेष्ठता का परिचायक होता है। महाविद्यालय में अपने अध्ययनकाल के दौरान हम जितनी चीजें सीखते है वे सारी उम्र हमें आगे बढ़ाने में सहायक होती है। ये तथ्य आज शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय, दुर्ग में आयोजित वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में सभी वक्ताओं के संबोधन में सामने आया। महाविद्यालय जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री परिहार, भारतीय जनता पार्टी दुर्ग जिला के अध्यक्ष सुरेन्द्र कौशिक एवं दीपक नगर वार्ड के पार्षद मनोज सोनी ने महाविद्यालय के राधाकृष्णन सभागार में बड़ी संख्या में उपस्थित विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों के समक्ष अपने विचार रखते हुए कहा कि आज जिन विद्यार्थियों को प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त होने के कारण स्वर्ण पदक एवं प्रमाण पत्र प्राप्त हो रहे है। आने वाले वर्षों में उनके जीवन का नया अध्याय आरंभ होने वाला है। इसी प्रकार महाविद्यालय के एन.सी.सी., एन.एस.एस.. खेल कूद साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत करते हुए श्री शिवेन्द्र सिंह परिहार ने शुभकामनायें दी। उन्होंने कहा कि जिन्हें पुरस्कार नही मिला है, उन्हें कड़ा परिश्रम कर अगले वर्ष पुरस्कार जीतने हेतु प्रयत्न करना चाहिए। इससे पूर्व सरस्वती पूजा, स्वागत गान, छत्तीसगढ़ राज्य गीत के प्रस्तुति शासकीय नवीन संगीत महाविद्यालय, दुर्ग के विद्यार्थियों द्वारा की गयी। अतिथियों के स्वागत के साथ आरंभ हुये पुरस्कार वितरण समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित भारतीय जनता पार्टी के दुर्ग जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र कौशिक ने महाविद्यालय के विद्यार्थियों की विभिन्न क्षेत्रों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह महाविद्यालय न केवल दुर्ग बल्कि समूचे छत्तीसगढ़ के लिये गौरव है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार सिंह ने सत्र 2025-26 में विभिन्न क्षेत्रों में महाविद्यालय की उपलब्धियों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खेलकूद, एन. सी.सी. एन.एस.एस., यूथ रेडकास तथा अन्य साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी अमिट छाप छोड़ी है। महाविद्यालय के नियमित एवं अतिथि प्राध्यापकों ने शोध कार्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। डॉ. सिंह ने बताया कि इस वर्ष में महाविद्यालय में विभिन्न विभागों द्वारा 38 सेमीनार आयोजित किए गए तथा प्राध्यापकों एवं शोधार्थियों द्वारा 38 पेंटेंट हासिल किए गए। अतिथियों का स्वागत करने वालों में प्राचार्य डॉ. अजय कुमार सिंह, वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. एस.एन.झा, डॉ. प्रज्ञा कुलकर्णी, डॉ. जगजीत कौर सलूजा, डॉ. अनीता शुक्ला, डॉ. अभिनेष सुराना, डॉ. उपमा श्रीवास्तव, अतिथि प्राध्यापक डॉ. गोविन्द्र प्रसाद गुप्ता तथा मुख्य लिपिक संजय यादव एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी रोहित सिंह राजपूत शामिल थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में शासकीय नवीन महाविद्यालय, रिसाली की प्राचार्य डॉ. अनुपमा अस्थाना तथा शासकीय नवीन संगीत महाविद्यालय, दुर्ग की प्राचार्य डॉ. ऋचा ठाकुर उपस्थित थी। कार्यक्रम के दौरान राजेन्द्र कुमार द्वारा शास्त्रीय नृत्य भरत नाट्यम का प्रदर्शन भी किया गया।
इस अवसर पर अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के कैलेण्डर का लोकार्पण भी अतिथियों द्वारा किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार सिंह ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह, श्रीफल, शॉल एवं पौधा भेंट किया। पुरस्कार वितरण समारोह का धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अभिनेष सुराना ने किया।

आज श्रीमती पद्मावती एवं अनिल तामस्कर के स्मृति में दिया जाने वाला प्रतिष्ठित स्वर्ण पदक एम. एससी भौतिक शास्त्र की छात्रा कु. उपासना दिल्लीवार को प्राप्त हुआ। महाविद्यालय के ऐसे विद्यार्थी जिन्होंने संघ लोक सेवा आयोग नई दिल्ली तथा छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की परीक्षा उत्तीर्ण कर उच्च पदों पर पदस्थ हुए उन्हें भी सम्मानित किया गया। यूपीएससी द्वारा जियो साइंटिस्ट के पद पर चयनित धर्मेश देशमुख, सीजी पीएससी से माइनिंग इंस्पेक्टर के पद पर चयनित पुकेश कुमार नाग, कु. प्रिया सिन्हा, दिपेश कुमार ठाकुर, संदीप कुमार, डीएसपी के पद पर चयनित संदीप कुमार, डिप्टी कलेक्टर के पद पर चयनित सुष्मिता टोण्ड्रे, आबकारी निरीक्षक के पद पर चयनित प्रिंस कुमार कुशवाहा, सांइटिफिक ऑफिसर के पद पर चयनित वसीम अकरम तथा कु. योगिता, सेन्ट्रल बैंक में प्रोबेशनरी अधिकारी के पद पर चयनित कु. निष्किता दास तथा पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर में भूगर्भशास्त्र विभाग में सहायक प्राध्यापक पद पर चयनित डॉ.
विकास स्वर्णकार का भी सम्मान किया गया। मेरिट छात्रवृत्ति अवार्ड प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में स्वर्गीय निर्मलचन्द्र पाठक स्मृति मेरिट छात्रवृत्ति अवार्ड कु. फिजा शेख तथा कु. सीमा को प्राप्त हुआ। स्वर्गीय डॉ. शुभा गुप्ता मेमोरियल मेरिट छात्रवृत्ति अवार्ड कु. हीना देवांगन, कु, उपासना दिल्लीवार, कु जिज्ञासा तथा कु. गीता साहू को मिला। स्वर्गीय श्री बलबीर सिंह गुप्ता मेमोरियल छात्रवृत्ति अवार्ड कु. फिजा शेख, कु. साक्षी प्रसाद तथा कु. संतुष्टि सिंह को प्राप्त हुआ। स्वर्गीय डॉ. रामेन्द्र कुमार शुक्ला मेमोरियल छात्रवृत्ति अवार्ड कु. फिजा शेख तथा प्रिशिता ताम्रकार को प्रदान किया गया। स्वर्गीय गौर गोपाल चटर्जी मेमोरियल छात्रवृत्ति अवार्ड चन्द्रशेखर पटेल, धावेन्द्र कुमार टण्डन को मिला। स्वर्गीय शीला शर्मा मेमोरियल मेरिट छात्रवृत्ति अवार्ड कु. निहारिका गुप्ता तथा निकिता को प्रदान किया गया। स्वर्गीय डॉ. ए.क्यू खान मेमोरियल छात्रवृत्ति अवार्ड कु. अंकिता साहू तथा कु. भूमिका ध्रुव को मिला। स्वर्गीय श्री विवेक कुमार श्रीवास्तव मेमोरियल प्रवीण्यता छात्रवृत्ति कु. रूचि देशमुख तथा कु. वंदना हरिनखेड़े को प्राप्त हुई। डॉ. विकास दुबे प्रोत्साहन पुरस्कार कु. प्रेरणा साहू कु उपासना दिल्लीवार तथा कु निहारिका गुप्ता को मिला। बेस्ट एनसीसी कैडेट्स संबंधी डॉ. बी. विश्वकर्मा मेमोरियल अवार्ड कबीर राठौर को मिला। स्व. प्रोफेसर प्रकाश माहेश्वरी संबंधी स्वर्ण पदक हर्ष कुमार नायर को मिला। डॉ. सुचित्रा शर्मा प्रोत्साहन कु. संतुष्टि सिंह को तथा श्रीमती मोहिनी देवी शर्मा स्मृति पुरस्कार कु. साक्षी प्रसाद को मिला। इन प्रवीण्य पुरस्कारों के अलावा महाविद्यालय के होनहार खिलाड़ी छात्र-छात्राओं, पुष्पसज्जा, छत्तीसगढ़ी व्यंजन प्रतियोगिता आदि में पुरस्कृत छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान किये गये।

इस अवसर पर विभिन्न पदक एवं छात्रवृत्ति प्रदान करने वाले दानदाताओं को सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण समारोह का संचालन डॉ. ज्योति धारकर एवं डॉ. अम्बरीश त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से उपस्थित लोगों में दीपक नगर वार्ड के पार्षद मनोज सोनी, सेवानिवृत्त प्राध्यापक डॉ. एस. के. चटर्जी तथा डॉ. एच.पी. सिंह सलूजा, श्री बलराम सिंह, टारकेश्वर सिंह, दिनेश्वरी तुरकर, लता ठाकुर, बिंदेश्वरी, बसंती गायकवाड, राजेश शुक्ला एवं अन्य पिछड़ा वर्ग मोर्चा के अध्यक्ष भी उपस्थित थे।

