भिलाई नगर, 16 अक्टूबर। जब चोरी और लूट की वारदात के आरोपियों को पद्मनाभपुर चौकी पुलिस खोज रही थी तो टीम के हाथ चोरी की बाइक चलाने वाला आरोपी लग गया। हालांकि बरामद की गई बाइक कहां से चोरी हुई, उसका मालिक कौन है, इसकी पतासाजी पुलिस कर रही है।
पद्मनाभपुर पुलिस ने बताया कि एसपी डाॅ. अभिषेक पल्लव द्वारा जिले में चलाए जा रहे अभियान के तहत चौकी दुर्ग क्षेत्र में चोरी एवं लूट के आरोपीगणों की पतासाजी के दौरान पोटिया चौक में वाहन चेकिंग में एक वाहन मोटर सायकल हीरो एचएफ डिलक्स क्रमांक सीजी 07 एएम 8723 को रोक कर वाहन चालक से पूछताछ की गयी तो उसके पास वाहन का कोई कागजात नहीं था। मोटर सायलक के संबंध में खरीदी बिक्री एवं किसी प्रकार का कागजात नहीं होना बताने वाले आरोपी की पहचान चंद्रशेखर यादव पिता रोहन यादव (32 वर्ष) निवासी शिवपारा पुलगांव के रूप में हुई है। वाहन चोरी का संदेह होने पर उक्त वाहन को जब्त किया गया एवं आरोपी चंद्रशेखर यादव के खिलाफ धारा 41 (1+4), 379 के तहत गिरफतार कर लिया गया। वाहन मालिक की पतासाजी कर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।

