दुर्ग, 05 जून । थाना पाटन पुलिस ने आबकारी एक्ट के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। करीब 62 लाख 40000 रुपए की शराब तस्करी का आरोपी था।
जिला पुलिस प्रवक्ता श्रीमती पद्मश्री तंवर ने बताया कि 8 फरवरी 2025 को मुखबीर से सूचना पर एसीसीयू दुर्ग की टीम एवं थाना पाटन पुलिस द्वारा ग्राम फुण्डा स्थित महेन्द्र वर्मा के फार्म हाउस बाड़ी में रेड की थी। इस दौरान मध्यप्रदेश निर्मित 500 पेटी अंग्रेजी गोवा शराब मात्रा 4500 बल्क लीटर, 03 नग वाहन, 09 नग मोबाईल फोन, प्लास्टिक सीट जुमला कुल कीमती 62,40,000 रूपये जप्त कर थाना पाटन में अपराध क्रमांक 37/2025 धारा 34(2), 36 आबकारी एक्ट, 61 (2) बीएनएस दर्ज कर प्रकरण में 07 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। प्रकरण में अन्य आरोपी गण घटना दिनांक से फरार थे। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध विवेचना पूर्ण कर चालानी कार्यवाही की गयी थी तथा प्रकरण के अन्य फरार आरोपियों का पता तलाश किया जा रहा था।
थाना स्टाफ द्वारा 8 फरवरी 2025 से प्रकरण के फरार आरोपी महेन्द्र कुमार वर्मा पिता भीखम लाल वर्मा उम्र 52 वर्ष निवासी देवादा थाना पाटन जिला दुर्ग को 4 जून 2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया।

