*एक्सयूवी में पहुँचे दबंगों का आतंक, खड़े ट्रकों के शीशे तोड़े, ड्राइवरों से मारपीट कर रुपए लूट निकल गए*

*एक्सयूवी में पहुँचे दबंगों का आतंक, खड़े ट्रकों के शीशे तोड़े, ड्राइवरों से मारपीट कर रुपए लूट निकल गए*


एक्सयूवी में पहुँचे दबंगों का आतंक, खड़े ट्रकों के शीशे तोड़े, ड्राइवरों से मारपीट कर रुपए लूट निकल गए

भिलाई नगर, 11 मार्च। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के इंडस्ट्रियल एरिया में बीती देर रात कुछ गुंडों ने जमकर उत्पात मचाया है। शिकायत की गई है कि एनएसपीसीएल मार्ग में खड़े सात कैप्सूल वाहनों के ड्राइवर को इन्होंने न सिर्फ मारा पीटा बल्कि वाहनों के शीशे तोड़े और उन्हें लूट लिया है। आरोपी क्मशः तीन बार घटना स्थल पर पहुंचे और मारपीट कर तोड़फोड़ की। इसके बाद कैप्सूल वाहन के चालकों ने थाना में आकर मामले की शिकायत की है। इस मामले में जांच के बाद ही पुलिस ने एफआईआर करने का आश्वासन उन्हें दिया है। 

पीड़ित ड्रायवर रामाराव कलेश यादव ने पुलिस को बताया कि बुधवार-गुरूवार की रात सात कैप्सूल वाहन एनएसपीसीएल मार्ग में खड़े थे। एक काले रंग की एसयूवी वाहन में भरकर लोग पहुंचे। उनके हाथ में डंडा और तलवारें थी। उन लोगों ने गाली गलौज करते हुए वाहनों में तोड़फोड़ की। उन्होंने गाड़ियों की लाइट और शीशे तोड़ दिए। इसके बाद वह लोग वहां से चले गए। इस घटना से ड्राइवर काफी डरे हुए थे। इसके बाद रात 12ः30 बजे फिर से उसी एसयूवी वाहन में गुंडे आए और ड्राइवरों के साथ मारपीट व तोड़फोड़ की। इस बार उन्होंने ट्रकों की तलाशी ली और एक ड्राइवर से 12 हजार और एक से 3200 रुपए लूट लिए। इस घटना से ड्राइवर काफी डर गए थे और वह लोग थाने जाने के लिए सुबह का इंतजार करने लगे। इसी दौरान डेढ़ बजे तीसरी बार दो काले रंग की एसयूवी गाड़ियां पहुंची। इस बार लगभग एक दर्जन गुंडे थे। सभी ने अपना मुंह गमझे से बांधा हुआ था। इस बार एक गुंडे के हाथ में पिस्टल थी। उसने एक ड्राइवर के कनपटी में पिस्टल तानी तो सभी ड्राइवर वहां से भाग गए। इसके बाद गुंडों ने लगभग 2-3 कैप्सूल वाहनों के टायर को फाड़ दिया। लगभग एक घंटे तक गाली गलौज तोड़फोड़ करने के बाद सभी वहां से चले गए। तीसरी बार घटना होने के दौरान चालक व परिचालक इतने डर गए थे वह लोग घटना स्थल से भाग खड़े हुए। इसके बाद वह कुछ दूर जाकर एक पुलिया के नीचे जा छिपे। वहां से वह अपनी गाड़ियों में तोड़फोड़ होता देख रहे थे। जब दोनों एसयूवी वहां से चली गईं तो लोग वहां से अपनी गाड़ियों के पास पहुंचे। इसके बाद सभी ड्राइवर मिलकर पुरानी भिलाई थाना पहुंचे। वहां उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत दी।