CM हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में लापरवाही, तहसीलदार निलंबित

CM हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में लापरवाही,  तहसीलदार निलंबित


🛑राजस्व विभाग की समीक्षा में सामने आई गंभीर लापरवाही और स्वेच्छाचारिता, शासन ने तत्काल प्रभाव से की कार्रवाई

सीजी न्यूज ऑनलाइन, 16 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ शासन ने सीएम हेल्पलाइन 1076 में दर्ज शिकायतों के निराकरण में गंभीर लापरवाही बरतने के मामले में कबीरधाम जिले के पिपरिया तहसीलदार प्रमोद कुमार चन्द्रवंशी को निलंबित कर दिया है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने 16 अक्टूबर 2026 को आदेश जारी कर यह कार्रवाई की।

शासन के आदेश के अनुसार, सीएम हेल्पलाइन में राजस्व विभाग से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा के दौरान तहसीलदार प्रमोद कुमार चन्द्रवंशी द्वारा शिकायतों के निराकरण में गंभीर लापरवाही एवं स्वेच्छाचारिता बरते जाने की बात सामने आई। इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 का उल्लंघन मानते हुए उनके विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की गई है।

तत्काल प्रभाव से निलंबन

राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी आदेश में छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 9(1)(क) के तहत प्रमोद कुमार चन्द्रवंशी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।

कबीरधाम जिला मुख्यालय निर्धारित

निलंबन अवधि के दौरान तहसीलदार प्रमोद कुमार चन्द्रवंशी का मुख्यालय जिला कबीरधाम निर्धारित किया गया है। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि उन्हें निलंबन अवधि में नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।

सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से आम नागरिक शासन की विभिन्न सेवाओं से संबंधित शिकायतें दर्ज कराते हैं। ऐसे में शिकायतों के निराकरण में लापरवाही को लेकर शासन की इस कार्रवाई को प्रशासनिक जवाबदेही के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।