गार्डन में करंट की चपेट से किशोरी की मौत, आक्रोशित लोगों ने सड़क कर दी जाम
रायपुर, 23 नवंबर। नया रायपुर में आज सुबह सेक्टर 24 स्थित सेंट्रल पार्क में वॉक कर रही 12 साल की लड़की की करंट लगने से मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, सेंट्रल पार्क में गार्डन के रेलिंग में अचानक करंट फैल गया था, जिसकी चपेट में आने से नाबालिग की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि झांझ गांव निवासी 12 साल की कुमारी मोना पाल परिवार के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकली थी। इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने चक्काजाम कर दिया है। प्रदर्शनकारी इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार पर कड़ी कार्यवाही और परिजनों को मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं।

