अधिक कमाई से घमंड का ताना, पडो़सी एक दूसरे को पाईप से पीट पहुंचे थाना

अधिक कमाई से घमंड का ताना, पडो़सी एक दूसरे को पाईप से पीट पहुंचे थाना



भिलाई नगर, 14 अक्टूबर। रूपये कमाने के बाद घमंडी होने के ताने से नाराज शारदापारा जेपी नगर कैम्प-2 निवासी मोहल्ले के दो व्यवसायियों में बीती शाम जमकर मारपीट हुई है। एक-दूसरे को स्टील पाईप से पीट दोनों ने छावनी थाना पहुंच काउंटर रिपोर्ट दर्ज करवायी है।
छावनी थाना एएसआई उदयशंकर झा ने बताया कि शासकीय अस्पताल के समीप जेपी नगर निवासी तामेश्वर राम साहू (23 वर्ष) स्टील रेलिंग का काम करता है तथा मोहल्ले का ही जनार्दन शर्मा (60 वर्ष) पेशे से फर्नीचर व्यवसायी है। तामेश्वर साहू कल शाम जनार्दन के घर के सामने से जा रहा था तो जनार्दन ने उसे बोला कि बहुत पैसा कमा लिया है, तुमको घमंड हो गया है। यह बात अच्छी नहीं लगने पर तामेश्वर ने विरोध जताया तो दोनों में धक्कामुक्की होने लगी। विवाद बढ़ने पर दोनों एक दूसरे पर पिल पडे़। स्टील पाईप से एक दूसरे को मार चोट पहुँचायी है। दोनों के घर वालों ने हस्तक्षेप कर उन्हें अलग किया। रात में रिपोर्ट पर दोनों के खिलाफ धारा 294, 323 व 506बी के तहत कार्रवाई की गयी है।