दुर्ग 13 अक्टूबर । हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग द्वारा 20 अक्टूबर से 29 नवंबर तक आयोजित होने वाली पूरक परीक्षा 2023 हेतु बनाये गये 46 परीक्षा केन्द्रों में से केवल 17 केन्द्रों पर तीन पालियों में बीए, बीकाॅम, बीएससी बीसीए, बीएबीएड तथा बीएससी बीएड की सभी कक्षाओं के पूरक परीक्षा आयोजित होगी। विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण, डाॅ. प्रशांत श्रीवास्तव एवं उपकुलसचिव, डाॅ. राजमणि पटेल ने संयुक्त रूप से बताया कि दो पालियों में परीक्षा आयोजित करने वाले पूरक परीक्षा केन्द्रों की कुल संख्या 08 है जबकि 21 परीक्षा केन्द्र ऐसे है जहां केवल एक ही सायं कालीन पाली में पूरक परीक्षा आयोजित होगी।
डाॅ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि विश्वविद्यालय का परीक्षा विभाग 18 अक्टूबर तक पूरक परीक्षा के प्रवेश पत्र जारी करने हेतु प्रयासरत् है। प्रत्येक परीक्षा आठवीं अपने प्रवेश पत्र पर अंकित परीक्षा केन्द्र पर ही परीक्षा में शामिल हो सकेगा। सर्वाधिक पूरक परीक्षा के केन्द्र दुर्ग जिले में 14, तथा राजनांदगांव जिले में 13 बनाये गये है जबकि नवनिर्मित जिले खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 02 तथा मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चैकी में भी 02 पूरक परीक्षा केन्द्र बनाये गये है। बेमेतरा जिले में 05 तथा बालोद में 07 एवं कबीरधाम जिले में 06 परीक्षा केन्द्र बनाये गये है। परीक्षा विभाग के आंकड़ों के मुताबिक लगभग 34 हजार परीक्षार्थियों के पूरक परीक्षा में शामिल होने की आशा है।
कुलपति, डाॅ. अरूणा पल्टा ने अधिकारियों की बैठक में निर्देशित किया कि चुंकि विभिन्न कारणों से पूरक परीक्षा के आयोजन तिथि में विलंब हो चुका है अतः विश्वविद्यालय को छात्रहित में परीक्षा परिणाम शीघ्र जारी करने हेतु समुचित प्रबंध करना चाहिए। इस संबंध में उन्होंने पूरक परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का केन्द्रीय मूल्यांकन की संभावनाओं पर समग्र रूप से तैयारी करने को भी कहा। विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने कुलपति को जानकारी दी कि यदि परीक्षा केन्द्रों से परीक्षा के उपरांत प्रतिदिन उत्तर पुस्तिकाएं विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग में उपलब्ध हो जाये तो प्रतिदिन केन्द्रीय मूल्यांकन कराकर शीघ्र परीक्षा परिणाम घोषित किये जाने के प्रयास किये जा सकते है। कुलपति, डाॅ. पल्टा ने अधिकारियों के इस सुझाव पर संज्ञान लेने का आश्वासन दिया।

