सोशल मीडिया में वायरल मारपीट मामले में सुपेला पुलिस की त्वरित कार्रवाई

सोशल मीडिया में वायरल मारपीट मामले में सुपेला पुलिस की त्वरित कार्रवाई


🔴एक आरोपी और पांच नाबालिग गिरफ्तार

सीजी न्यूज ऑनलाइन, 7 जून 2026। सोशल मीडिया में वायरल हुए मारपीट के एक वीडियो पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सुपेला पुलिस ने एक आरोपी और पांच अपचारी बालकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी ने थाना सुपेला में शिकायत दर्ज कराई थी कि लगभग एक वर्ष पूर्व उसकी एक युवती से मित्रता थी। कुछ समय बाद दोनों के बीच बातचीत बंद हो गई थी। इसी बीच 5 जून 2026 को उसे एक व्यक्ति का फोन आया, जिसने स्वयं को युवती का बॉयफ्रेंड बताते हुए मिलने की बात कही। प्रार्थी द्वारा मना करने के बावजूद 6 जून को दोबारा कॉल कर उसे मिलने के लिए बुलाया गया।

रात्रि करीब 9:30 बजे प्रार्थी अपने चचेरे भाई के साथ नेहरू नगर स्थित अमनिक कैफे पहुंचा, जहां आरोपी मनजोत सिंह और उसके साथी मौजूद थे। आरोप है कि बातचीत के दौरान आरोपियों ने दोनों युवकों के साथ अश्लील गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों तथा प्लास्टिक पाइप से मारपीट की। घटना में दोनों को चोटें आईं।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 801/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 351(3), 191(2), 191(3) बीएनएस तथा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने मामले में संलिप्त पंकज विश्वकर्मा (21 वर्ष), निवासी कातुलबोर्ड मिलन चौक, दुर्ग तथा पांच अपचारी बालकों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को न्यायालय एवं किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त प्लास्टिक पाइप सहित अन्य सामग्री भी जब्त की है। प्रारंभिक जांच में मारपीट की वजह पुरानी जान-पहचान को लेकर उत्पन्न विवाद और आपसी रंजिश बताई गई है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विजय यादव, उप निरीक्षक राजीव उर्वसा, प्रधान आरक्षक योगेश चंद्राकर, आरक्षक सुरेंद्र पटेल एवं रविंद्र बांधव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी विवाद का समाधान कानून सम्मत तरीके से करें। सार्वजनिक स्थानों पर मारपीट, बलवा और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।