दो विषयों में फेल स्टूडेंटस को मिली सप्लीमेंट्री की पात्रता, आवेदन हेतु ऑनलाइन पोर्टल प्रारंभ, डीयू ने नहीं बढ़ाया परीक्षा शुल्क, जाने परीक्षा एवं फॉर्म भरने की अंतिम तिथि,

<em>दो विषयों में फेल स्टूडेंटस को मिली सप्लीमेंट्री की पात्रता, आवेदन हेतु ऑनलाइन पोर्टल प्रारंभ, डीयू ने नहीं बढ़ाया परीक्षा शुल्क, जाने परीक्षा एवं फॉर्म भरने की अंतिम तिथि,</em>


हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग में दो विषयों में अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों को पूरक परीक्षा में बैठने की पात्रता संबंधी अधिनियम में संशोधन के अनुमोदन के संबंधी उच्च शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन एवं राजभवन, रायपुर का आदेश जारी हो गया है। इसी के परिपालन में हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग द्वारा दो विषयों में पूरक परीक्षा में बैठने वाले परीक्षार्थियों हेतु ऑनलाइन पोर्टल आरंभ कर दिया गया है। विद्यार्थी 10 अक्टूबर तक पूरक परीक्षा हेतु आवेदन कर सकेंगे।

यह जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के कुलसचिव, भूपेन्द्र कुलदीप एवं परीक्षा उपकुलसचिव, डाॅ. राजमणि पटेल ने बताया कि विद्यार्थियों को ऑनलाइन रूप से भरे हुए आवेदन की हार्ड कॉपी पूरक परीक्षा केन्द्र में 11 अक्टूबर को जमा करेंगे।संबन्धित परीक्षा केन्द्र विश्वविद्यालय में समस्त दस्तावेजों के साथ जैसे नाॅमिनल, गोसवारा सहित 12 अक्टूबर को जमा करेंगे।पूरक परीक्षा आयोजन के संबंध में आज विश्वविद्यालय की कुलपति, डाॅ. अरूणा पल्टा ने विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर निर्देश दिये कि दशहरा एवं दीपावली के अवकाश को ध्यान में रखते हुए पूरक परीक्षाएं की संभावित आयोजन तिथि 25 अक्टूबर से आरंभ कर अनिवार्य रूप से 10 नवंबर तक समाप्त कर दी जाये। जिससे विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम नवंबर माह में ही घोषित करने के प्रयास किये जा सके। विश्वविद्यालय के सूत्रों के अनुसार पूरक परीक्षा प्रतिदिन दोपहर 2ः00 से 5ः00 बजे के मध्या आयोजित होगी। प्रश्न पत्रों में किसी भी प्रकार का गैप नहीं होगा। विश्वविद्यालय द्वारा पूरक परीक्षा हेतु परीक्षा केन्द्रों का निर्धारण किया जा रहा है। परीक्षा उपकुलसचिव, डाॅ. राजमणि पटेल के अनुसार विश्वविद्यालय की कुलपति ने छात्रहित में पूरक परीक्षा की परीक्षा शुल्क में किसी भी प्रकार की वृद्धि नहीं करने का निर्णय लिया है। कुलपति के इस निर्णय का विभिन्न छात्रसंगठनों ने स्वागत किया है।