भिलाई नगर, 03 जुलाई। वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन को भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन के द्वारा सेक्टर 9 सड़क 12 स्थित बंगला नंबर 3 आबंटित किया गया है । पूर्व में यह बंगला दुर्ग ग्रामीण विधायक एवं पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू को आबंटित था। आज गृह प्रवेश के लिए पहुंचे विधायक रिकेश के समर्थक भाजपा कार्यकर्ताओं को इस आबंटित बंगले में ताला लगा मिला है।
जानकारी मिली है कि पूर्व गृह मंत्री के जेष्ठ पुत्र जितेंद्र साहू का ने यहां से न तो सामान हटाया और न ही वो बंगले में रहते हैं, मगर उन्होंने ताला लगा रखा है। 22 जून को आबंटन लेटर बीएसपी द्वारा मिलने के बाद विधायक रिकेश सेन ने उन्हें बंगला खाली करने सूचना दी थी। इसके बावजूद जितेन्द्र साहू ने सामान नहीं हटाया है।

आज निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बंगले में विधायक रिकेश सेन के समर्थक पूजा अर्चना में पहुंचे तो बंगले पर अब भी ताला लगा मिला। बताया जा रहा है कि भाजपा जिला उपाध्यक्ष पुरूषोत्तम देवांगन ने जब फोन कर जितेंद्र साहू से ताले की चाभी मांगी तो वो ना नुकुर करने लगे। उनका कहना था कि दूसरे बंगले खाली हैं उसे विधायक जी को लेना चाहिए। कुल मिलाकर पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू के सुपुत्र जितेन्द्र यह बंगला अभी तक खाली नहीं किया गया है। सीजी न्यूज ऑनलाइन के द्वारा जितेंद्र साहू से दूरभाष पर संपर्क किया गया परंतु उनके द्वारा फोन रिसीव नहीं किया गया।

भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन के द्वारा जिले के जनप्रतिनिधियों को आवास आबंटित किया जाता रहा है। साथ ही कार्यकाल समाप्ति के पश्चात आवास वापस भी ले लिया जाता है इसी के तहत सेक्टर 9 सड़क 12 स्थित बांगला क्रमांक तीन संयंत्र प्रबंधन के द्वारा तत्कालीन दुर्ग ग्रामीण विधायक एवं गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू को आबंटित किया गया था। परंतु उनका कार्यकाल समाप्त होने के पश्चात यह बंगला नए जनप्रतिनिधि वैशाली नगर के विधायक रिकेश सेन को 22 जून 2024 को संयंत्र प्रबंधन के द्वारा आबंटित कर दिया गया है।

आज विधायक के कार्यकर्त्ता गृह प्रवेश के लिए करीबन डेढ़ सौ की संख्या में पहुंचे। उनके द्वारा गृह प्रवेश की प्रक्रिया प्रारंभ करते हुए विधायक के नाम की नेम प्लेट लगाई गई एवं सांकेतिक रूप से विधायक का बंगला दिखाते हुए बोर्ड लगाया गया और अंदर प्रवेश करने पर पाया कि घरेलू सामान रखा हुआ है। कार्यकर्ताओं को बताया गया कि सामान पूर्व विधायक ताम्रध्वज साहू के पुत्र जितेंद्र साहू का घरेलू सामान है।

वैशाली नगर विधायक को संयंत्र प्रबंधन द्वारा यह बंगला दिए जाने के बावजूद उनके द्वारा यह खाली नहीं किया गया है। अभी अभी पौने 4 बजे केयर टेकर ने हाल के ताले को खोला गया है ताकि पूजा अर्चना की जा सके। विधायक रिकेश सेन के भी फिलहाल रायपुर में होने की सूचना मिली है।

