🔴धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, दुर्ग जिले में विशेष अभियान जारी
दुर्ग, 02 मार्च 2026। होली पर्व के मद्देनज़र कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस ने असामाजिक तत्वों के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाते हुए विगत दो दिनों में 121 आदतन आरोपियों को जेल दाखिल किया है। यह कार्रवाई धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक रूप से की गई।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 01 मार्च 2026 को अशांति फैलाने एवं आपराधिक घटना की आशंका के आधार पर 97 आदतन आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजा गया। इससे पूर्व 28 फरवरी 2026 को भी 24 आरोपियों के विरुद्ध इसी धारा के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई थी। इस प्रकार दो दिनों में कुल 121 असामाजिक तत्वों को जेल भेजा गया।
थाना-वार कार्रवाई
जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई का विवरण इस प्रकार है –
दुर्ग (08), मोहन नगर (14), पद्मनाभपुर (05), पुलगांव (01), अंजोरा (10), जेवरा सिरसा (01), नगपुरा (01), नेवई (03), वैशाली नगर (03), सुपेला (06), स्मृतिनगर (01), छावनी (06), जामुल (15), खुर्सीपार (03), पुरानी भिलाई (10), कुम्हारी (04), पाटन (08), उतई (08), रानीतराई (01), अंडा (02), जामगांव आर (01), अमलेश्वर (03), धमधा (04) एवं नंदिनी (03)।
पुलिस ने बताया कि होली के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया है तथा संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। धारदार हथियार रखने वालों एवं पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
समन्वित प्रयास
इस कार्रवाई में जिले के समस्त थाना प्रभारियों, थाना स्टाफ, विशेष शाखा एवं पेट्रोलिंग टीम की सक्रिय एवं समन्वित भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं। किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, अवैध हथियार रखने अथवा अशांति फैलाने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम थाना या पुलिस नियंत्रण कक्ष को दें।

