रूआबांधा में रास्ता रोक रूपये मांगे, न देने पर चाकू से जानलेवा हमला, फरार आरोपियों में तीन की हुई पहचान, तलाश जारी
भिलाई नगर, 16 मई। कल रात छट्ठी कार्यक्रम से लौट रहे स्कूटी सवार का जैन मंदिर के पास रूआबांधा में रास्ता रोक कुछ युवकों ने रूपये मांगे और देने से मना करने पर उसे चाकू मार दिया। आरोपी युवक से लगातार मारपीट कर रहे थे तभी कुछ लोगों को आता देख वो सभी बाईक से भाग निकले। इस जानलेवा हमले से लहूलुहान 17 वर्षीय जान जिलेड्डिन एक्का को लोगों ने रात में ही सेक्टर-9 हास्पिटल में भर्ती कराया है। आज अस्पताल में घायल के बयान बाद भिलाई नगर पुलिस ने आरोपी उल्ली, सिद्धांत, कुमार एवं उनके अन्य साथियों के खिलाफ धारा 307 व 34 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सेक्टर-9 बीएसपी अस्पताल में भर्ती जान जिलेड्डिन एक्का पिता आनंद प्रकाश एक्का निवासी रिसाली सेक्टर पर कल रात लगभग 11 बजे जैन मंदिर के पास रुआबांधा बस्ती में आरोपी उल्ली, सिद्धांत, कुमार एवं उनके अन्य साथियों ने चाकू से जानले़वा हमला किया है। कोतवाली थाना के जांच अधिकारी अर्जुन पटेल ने बताया कि जान कल रात अपने दोस्त चिक्की के घर के छट्ठी कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिये स्कुटी से इस्पात क्लब सेक्टर-7 गया। वहां से अपने घर रिसाली सेक्टर वापसी के दौरान रात्रि करीबन 11 बजे जैन मंदिर के पास रुआबांधा निवासी उल्ली, सिद्धांत, कुमार एवं उनके अन्य साथियों ने जान को आवाज देकर रुकवाया। सभी लोग उसके पास आकर रूपया मांगने लगे। जान ने मना किया तो जान से खत्म करने की धमकी देते हुए उल्ली ने चाकू निकाल जान की पीठ पर वार कर दिया। सिद्धांत ने अपने पास रखे चाकू से उसकी पेट में मारा। कुमार और अन्य लोग हाथ मुक्का से जान को पीटने लगे। इसी दौरान चीख पुकार सुन रुआबांधा के सलमान और अन्य लोगों को आता देख आरोपी अपनी मोटर सायकल पर बैठ भाग गए। जान के पेट, पीठ और चेहरे पर काफी चोट आई है। सलमान ने अन्य लोग के साथ मिलकर उसे सेक्टर-9 अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया।

