
🛑 क्राईम टीम के साथ आरोपियों तक पहुंचने तफ्तीश में जुटी भिलाई नगर पुलिस
🛑 रूपये झटकने वाले सभी आरोपी छत्तीसगढ़ से बाहर के

भिलाई नगर, 29 मई। दुर्ग जिले के कचांदूर भिलाई स्थित चंदूलाल चंद्राकर शासकीय मेडिकल कॉलेज में नेत्र रोग विभाग की एचओडी से 58 लाख रुपए से अधिक की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। शिकायत बाद भिलाई नगर पुलिस मामला दर्ज कर तफ्तीश में जुट गई है।भिलाई नगर टीआई राजकुमार लहरे ने बताया कि हॉस्पिटल सेक्टर मकान नंबर डी 34 भिलाई निवासी डॉ. लिपी चक्रवर्ती (46 वर्ष) ने ठगी की शिकायत दर्ज कराई है।

डॉ. चक्रवर्ती ने पुलिस को बताया कि वो चन्दूलाल चन्द्राकर शासकीय मेडिकल कालेज कचांदुर में नेत्र रोग विभाग की विभाग अध्यक्ष हैं। टेलीग्राम मोबाइल एप पर क्रिप्टो ट्रेडिंग के नाम पर 58 लाख 43 हजार 900 रुपए की आन लाईन ठगी की गई है। उनके फोन में टेलीग्राम मोबाइल अप्लीकेशन डाउनलोड है। उसमें क्रिप्टो कैरेंसी में इनवेस्ट करने के लिए एक रिक्वेस्ट आई थी। इसके बाद उनके फोन पर एक दूसरे नंबर से फोन आया था। फोन करने वाले ने डॉ. लिपी को वाट्सअप और यूट्युब एप में फ्लेवरफुल फ्यूजन नाम के चैनल को सब्सक्राइब करने को कहा। इसके बाद उसके सहारे क्रिप्टो में इनवेस्ट करने की बात कही। जब डॉ. लिपी ने सब्सक्रिप्सन ले लिया तो कॉलर ने उन्हें टेलीग्राम एप पर एक लिंक भेजा। इसके बाद उस लिंक में जाकर भुगतान करने को कहा। उन्हें एक टेलीग्राम ग्रुप से भी जोड़ा गया। बाद में धीरे धीरे टेलीग्राम एप के माध्यम से क्रिप्टो ट्रेडिंग के नाम पर अलग अलग किश्तों में आरटीजीएस, आईएमपीएस एवं फोन पे के माध्यम से कुल 58 लाख 43 हजार 900 रुपये की आन लाईन ठगी की गई।
भिलाई नगर टीआई लहरे ने बताया कि मामले को क्राइम टीम के साथ जांच में लिया गया है। पुलिस कॉलर के मोबाइल नंबर और बैंक खाते के जरिए आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। प्रारंभिक जांच में पता लगा है कि सभी आरोपी छत्तीसगढ़ से बाहर दूसरे राज्य से हैं। पुलिस जल्द ही एक टीम को भेजकर आरोपियों को पकड़ने की कोशिश करेगी।
