वैष्णो देवी मंदिर में भगदड़, 12 लोगों की मौत, 14 घायल, 3 की हालत गंभीर, मृतकों में यूपी, पंजाब और हरियाणा के श्रद्धालु शामिल
कटरा, 1 जनवरी। जम्मू कश्मीर स्थित माता वैष्णो देवी भवन में भगदड़ मचने से 12 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है जबकि घायलों की संख्या 13 बताई जा रही है। यह घटना लगभग 2:45 बजे हुई। जम्मू-कश्मीर के डीजीपी दिलबाग सिंह के मुताबिक किसी बात पर बहस को लेकर श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को धक्का दिया जिसके बाद भगदड़ मच गई। कटरा अस्पताल के बीएमओ डॉक्टर गोपाल दत्त ने मौतों की पुष्टि की है। फिलहाल घायलों को नारायणा अस्पताल ले जाया गया है। वशघटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है। बताया जा रहा है कि नए साल के मौके पर श्रद्धालु माता के दर्शन को यहां पहुंचे थे, इसी दौरान अचानक भगदड़ मच गई।मृतकों और घायलों का आंकड़ा बढ़ भी सकता है। पुलिस ने बताया कि घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचा दिया गया है। मृतकों में दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर के एक-एक श्रद्धालु शामिल हैं। अन्य की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है।

घटना की सूचना के बाद पीएम मोदी ने कहा कि माता वैष्णो देवी भवन में मची भगदड़ से हुई मौतों से अत्यंत दुखी हूं। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी संवेदना है। ईश्वर घायलों को शीघ्र स्वस्थ करें। उन्होंने कहा कि मैंने जम्मू-कश्मीर के गवर्नर मनोज सिन्हा, उधमपुर के सांसद डॉक्टर जितेंद्र सिंह और केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय से बात कर स्थिति की जानकारी ली है। घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता और सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतक के आश्रितों को दो-दो लाख रुपए जबकि घायलों को 50-50 हजार रुपए की राहत राशि देने की घोषणा की गई है।
गौरतलब हो कि माता वैष्णो देवी के मंदिर में नए साल के मौके पर हर बार हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। हर साल यहां भक्तों की सुविधा का खास ख्याल भी रखा जाता है लेकिन शनिवार को नए साल के मौके पर कुछ ज्यादा लोग यहां जमा हो गए और देर रात करीब 2:45 बजे भगदड़ मचने से 12 लोगों की मौत हो गई। 14 लोख जख्मी हुए हैं। इनमें से 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को कटरा के नारायना अस्पताल में भर्ती किया गया है। घटना के बाद सरकार द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 01991-234804, 01991-234804, पीसीआर रियासी 9622856295, डीसी दफ्तर रियासी कंट्रोल रूम नंबर 01991-245763, 9419839557 पर कॉल करके मृतकों और घायलों के बारे में जानकारी ली जा सकती है।

