दुर्ग में शिवजी की बारात के दौरान चाकूबाजी, नाबालिग की हत्या 5 से 6 हिरासत में

दुर्ग में शिवजी की बारात के दौरान चाकूबाजी, नाबालिग की हत्या 5 से 6 हिरासत में


दुर्ग, 17 फरवरी 2026। थाना मोहन नगर क्षेत्र अंतर्गत शक्ति नगर में सोमवार रात महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर शिवजी की बारात निकाली गई थी। रात्रि करीब 8:45 बजे बारात के दौरान हुई चाकू बाजी में 17 वर्षीय नाबालिग नानू उर्फ छानु कुमार की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मोहन नगर पुलिस के द्वारा इस हत्याकांड में शामिल 5 से 6 आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर ने बताया कि मृतक शांति नगर का निवासी बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार शक्ति नगर में “भोले की बारात” निकली थी, जिसे देखने नानू वहां गया था। इसी दौरान भीड़ में कुछ युवकों के साथ उसका विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। घटना की जानकारी होते ही युवक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था। परंतु डॉक्टर ने बताया कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।


🔴 5 से 6 आरोपी हिरासत मे अन्य की तलाश जारी

पुलिस सूत्रों के मुताबिक हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी चीकू सहित 5 से 6 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। मामले में शामिल आरोपी पांडू सहित अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है। पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
फिलहाल हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।